जलपाईगुड़ी. हल्दीबाड़ी से एनजेपी (न्यूज लपाईगुड़ी) की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन के इंजन में आग लगने से रेल यात्रियों में खलबली मच गयी. बुधवार दोपहर को यह दुर्घटना जलपाईगुड़ी के निकट मंडलघाट तथा कसियाबाड़ी रेलवे स्टेशन के बीच घटी. रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन ड्राइवर की सावधानी से एक बड़ी दुर्घटना टल गयी है.
इंजन से धुआं उठते देख ड्राइवर ने ट्रेन रोक दी. किसी भी रेल यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ है. रेलवे सूत्रों ने आगे बताया कि कूचबिहार जिले के हल्दीबाड़ी से एनजेपी की ओर जा रही 55750 ड्राउन पैसेंजर ट्रेन जब मंडलघाट तथा कसियाबाड़ी रेलवे स्टेशन के बीच से गुजर रही थी, तभी रेलवे इंजन से अचानक धुआं उठने लगा. ड्राइवर को जैसे ही 20 नंबर रेलवे पिलर के निकट इसकी जानकारी मिली, उसने ट्रेन रोक दी. उसके बाद कसियाबाड़ी रेलवे स्टेशन से रेलवे कर्मचारी अग्निशमन यंत्रों के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया.
इस बीच, रेलवे इंजन में आग लगने की खबर सुनते ही ट्रेन में सवार रेल यात्रियों में खलबली मच गयी. सभी यात्री ट्रेन से नीचे उतर गये. करीब आधे घंटे तक ट्रेन रुकी रही. जलपाईगुड़ी टाउन स्टेशन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आग बुझाने के बाद ड्राइवरों ने फिर से ट्रेन को चलाने का निर्णय लिया. आधे घंटे के बाद ट्रेन अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई. जलपाईगुड़ी टाउन के स्टेशन मैनेजर पंकज कुमार शील ने कहा है कि यह ट्रेन दिन के करीब 1.10 बजे जलपाईगुड़ी रोड स्टेशन पहुंची है. ट्रेन के इंजन को भी कोई नुकसान नहीं हुआ है. सभी यात्री सुरक्षित हैं.
