जलपाईगुड़ी: खूंटी पूजा में अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती को देखकर शहरवासी खुशी से फूले नहीं समाये. रविवार को छुट्टी के दिन जलपाईगुड़ी शहर के पांडापाड़ा इलाके में नवीन संघ एवं पाठागार काली पूजा की खूंटी पूजा में शामिल होने के लिए मिमी पहुंची थीं. अपने मोहल्ले की इस लड़की को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. भीड़ संभालने में पुलिस और क्लब सदस्यों के पसीने छूट गये.
मिमी ने बताया कि अपने मोहल्ले के क्लब की पूजा में हिस्सा लेकर वह बहुत खुश हैं. इस मुकाम पर पहुंचनेवाली अपने इलाके की लड़की के साथ सभी फोटो और आटोग्राफ लेना चाह रहे थे. खूंटी पूजा के दौरान मिमी ने अपने हाथों से ढाक भी बजाया. स्थानीय लोगों ने फूल भेंटकर उन्हें सम्मानित किया तथा उनके और बड़ी अभिनेत्री बनने की कामना की.
पांडापाड़ा स्थित अपने घर से मिमी अपनी गाड़ी में सवार होकर सीधे पांडापाड़ा नवीन संघ एवं पाठागार के पूजा मैदान में पहुंचीं. उन्होंने बताया कि कई सालों बाद वह जलपाईगुड़ी आयी हैं. इस मौके पर वह सभी को विजया और दीपावली की शुभकामना देती हैं.
