सिलीगुड़ी. विमान में संभावित विस्फोटक लेकर सफर करने वाले गिरफ्तार दो आरोपियों को अदालत ने दस दिन की रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया है. सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस व सीआईडी मामले की जांच में जुटी है. आरोपियों के पास से जब्त पाउडर को जांच के लिए कोलकाता भेजा जायेगा. रिमांड के बाद भी आरोपी खुद को निर्देष बता रहे हैं.
उल्लेखनीय है कि बीते शुक्रवार की रात बागडोगरा एयरपोर्ट से संभावित विस्फोटक के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था. इनके पास से पुलिस को सफेद पाउडर से भरी सात बोतलें बरामद हुयी है. जब्त पाउडर के उच्च क्षमता की विस्फोटक होने की संभावना जतायी जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार कोलकाता जाने वाले दो यात्री अनुप सिंह व अभय प्रकाश बागडोगरा हवाइ अड्डा पहुंचे. सुरक्षा जांच के समय इन दोनों को पकड़ा गया. सीआईएसएफ के जवानों ने इनके बैग की जांच की. जिसमें से सफेद पाउडर से भरी सात छोटी बोतलें बरामद हुयी. इसके बाद सीआईडी को जानकारी दी गयी. बम निरोधी दस्ता व खोजी कुत्ते ने भी संदिग्ध बैग की जांच की. उसके बाद सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की बागडोगरा थाने को इसकी जानकारी दी गयी. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी पड़ोसी राज्य बिहार के निवासी है. पूछताछ में इन दोनों ने खुद को गुड़गांव स्थित एक मेडिकल कंपनी का कर्मचारी बताया है. दोनों पेशे से इंजीनियर हैं. कंपनी के कार्यों से वे सिक्किम आये हुए थे. दोनों का कहना है कि सफेद पाउडर किसी भी प्रकार का विस्फोटक नहीं बल्कि मेडिकल उत्पाद है. शनिवार दोपहर बागडोगरा थाने की पुलिस ने दोनों को सिलीगुड़ी जिला अदालत में पेश किया. सिलीगुड़ी एसीजेएम अदालत ने आरोपियों की जमानत याचिका खारिज करते हुए रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया है.
बागडोगरा थाने की पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बम निरोधी व डॉग स्कायड ने जब्त पाउडर को विस्फोटक होने की संभावना जतायी है. इस पाउडर को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब कोलकाता भेजने की तैयारी शुरू की गयी है. रविवार को पाउडर के साथ एक टीम कोलकाता के लिए रवाना होगी.
