पूजा में नहीं गड़बड़ायेगी स्वास्थ्य परिसेवा : गौतम
सिलीगुड़ी: पूजा के दौरान उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में स्वास्थ्य परिसेवा नहीं गड़बड़ायेगी. यह दावा है पर्यटन मंत्री सह उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) के चेयरमैन गौतम देव का. वह बुधवार को पूजा से ठीक पहले अस्पताल के प्रशासनिक भवन में आरकेएस की मीटिंग को संबोधित कर […]
सिलीगुड़ी: पूजा के दौरान उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में स्वास्थ्य परिसेवा नहीं गड़बड़ायेगी. यह दावा है पर्यटन मंत्री सह उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) के चेयरमैन गौतम देव का. वह बुधवार को पूजा से ठीक पहले अस्पताल के प्रशासनिक भवन में आरकेएस की मीटिंग को संबोधित कर रहे थे. पूजा के दौरान मरीजों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही न हो इसके लिए अस्पताल प्रबंधन को जरुरी निर्देश दिया.
श्री देव का कहना है कि पूजा का आनंद डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ व अन्य सभी कर्मचारी उठायें लेकिन मरीजों के इलाज में किसी तरह की कोताही न हो. यह कैसे होगा, इसके लिए अस्पताल प्रबंधन को निर्णय लेना है.
साथ ही उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की छुट्टी को लेकर हमेशा उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल पर सवाल उठता रहा है. यह एक गंभीर मुद्दा है. इसके लिए पूजा के बाद वह खुद एक उच्चस्तरी मीटिंग करेंगे और इस गंभीर समस्या को हमेशा के लिए बंद करायेंगे. साथ ही डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफों की कमी भी जल्द पूरी कर दी जायेगी. इसके लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भी भेजा जायेगा, ताकि इसका हल हो सके.
भूकंप से क्षतिग्रस्त गैलरी की होगी मरम्मत
मंत्री गौतम देव ने आरकेएस मीटिंग के बाद मीडिया को बताया कि दो साल पहले भीषण भूकंप में उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल की गैलरी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी थी. इस गैलरी से रोजाना हजारों लोग व मरीजों के परिजन आवाजाही करते हैं. बीते वर्ष 2016 में ही राज्य सरकार ने गैलरी मरम्मत के लिए आठ करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी. लेकिन टेंडर न मिलने से अब-तक काम रुका पड़ा था. अब यह काम पूजा के बाद शुरु हो जायेगा. टेंडर जारी हो गया है.