कूचबिहार : रविवार को सुबह-सुबह एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने का हार छीनकर एक युवक फरार हो गया. इस घटना के बाद से कूचबिहार शहर के 17 नंबर वार्ड में सनसनी है.
जानकारी के अनुसार, 72 वर्षीया मिनती काहाली रोज की तरह अपने मकान के नीचे टहल रही थीं. उसी समय बातचीत के बहाने युवक पास आया और अचानक वृद्धा के गले से आठ भरी सोने का हार छीन लिया. इस दौरान महिला ने बदमाश को पकड़ना चाहा, लेकिन वह उन्हें धक्का देकर निकल भागा.
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी युवक को कूचबिहार रेलवे स्टेशन मोड़ इलाके में अक्सर घूमते देखा जाता था. वह अक्सर उनके मकान के नीचे आवाजाही करता था. आशंका है कि छिनतई की योजना उसने पहले से बना रखी थी. रविवार को मौका देखकर वह अपने मंसूबे में कामयाब हो गया. इस संबंध में कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
