पहाड़ बंद पर आज हो सकता है फैसला कोलकाता से लौटे विनय तमांग

सिलीगुड़ी. दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र में अलग गोरखालैंड राज्य की मांग को लेकर पिछले 75 दिनों से भी अधिक समय से जारी बेमियादी बंद पर गुरुवार को कोई न कोई फैसला हो जाने की संभावना है. 29 तारीख को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा पहाड़ की समस्या को लेकर कोलकाता में बुलायी गयी बैठक के बाद अब […]

सिलीगुड़ी. दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र में अलग गोरखालैंड राज्य की मांग को लेकर पिछले 75 दिनों से भी अधिक समय से जारी बेमियादी बंद पर गुरुवार को कोई न कोई फैसला हो जाने की संभावना है. 29 तारीख को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा पहाड़ की समस्या को लेकर कोलकाता में बुलायी गयी बैठक के बाद अब पूरे पहाड़ की निगाहें गोजमुमो के अगले कदम पर टिकी हुई हैं.
इस बीच सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सर्वदलीय बैठक में शामिल होने के लिए गये गोजमुमो नेता विनय तमांग दार्जिलिंग लौट आये हैं. वह पांच नेताओं की टीम के साथ मुख्यमंत्री की बैठक में शामिल होने गये थे. गोजमुमो सूत्रों ने बताया कि अनित थापा, छीरिंग दहाल, रोहित थापा तथा आरबी भुजेल अभी भी कोलकाता में ही हैं. पहले इस तरह की खबरें आयी थीं कि सर्वदलीय बैठक में गोरखालैंड राज्य नहीं देने के मुख्यमंत्री के साफ-साफ एलान के बाद भी गोजमुमो प्रतिनिधियों के बैठक से वाकवाउट नहीं करने पर गोजमुमो सुप्रीमो विमल गुरुंग काफी नाराज हैं.

सूत्रों ने यह भी बताया कि इसी डर से गोजमुमो नेता कोलकाता से दार्जिलिंग नहीं लौट रहे. फिलहाल विनय तमांग के लौट आने की खबर है. बाकी चारों नेता कल कोलकाता से सीधे कर्सियांग पहुंचेंगे. गोजमुमो सूत्रों ने बताया कि कर्सियांग मोटर स्टैंड में विनय तमांग ने आम लोगों की एक जनसभा बुलायी है. इसी जनसभा में बंद जारी रखने अथवा इसको खत्म करने को लेकर आम जनता की राय ली जायेगी. जनसभा में शामिल लोग यदि बंद खत्म करने के पक्ष में रहे तो विनय तमांग वहीं से बंद खत्म करने की घोषणा कर सकते हैं. यदि आम लोगों का रुख इसके विपरीत रहा तो बंद आगे भी जारी रह सकता है.

इस बीच गोजमुमो सुप्रीमो विमल गुरुंग के साथ कोलकाता गयी टीम का कोई भी नेता संपर्क नहीं कर पा रहा है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, विनय तमांग उनसे मिलकर मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक की जानकारी देना चाहते हैं. इसके अलावा गोजमुमो केंद्रीय कमेटी की बैठक को लेकर भी बातचीत होनी है. परंतु विनय तमांग भी विमल गुरुंग से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >