सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर अशोक भट्टाचार्य के अनुसार शहर में डेंगू पीड़ितों की संख्या 100 के पार पहुंच चुकी है. निगम के 20 नंबर वार्ड स्थित उनके घर के आस-पास डेंगू के काफी मरीज हैं. इस वार्ड के पार्षद निगम के विरोधी दल नेता रंजन सरकार उर्फ राणा हैं. उनके घर के आस-पास भी कई लोगों को डेंगू हुआ है. बुधवार की सुबह से मेयर ने अपने इलाके में घूम-घूम कर लोगों को परचा बांटा. घर की महिलाओं को डेंगू से बचने के कई नुस्खे सिखाये. इसके बाद श्री भट्टाचार्य ने बताया यह एक बीमारी है. इसके लिए नागरिकों को जागरूक होना होगा. शहर में डेंगू की स्थिति अभी नियंत्रित है. लेकिन इससे मुकाबला करने के लिये सभी को एकजुट होना होगा. डेंगू के कई मरीज सरकारी व निजी अस्पताल में चिकित्साधीन है. जबकि कई लोग स्वस्थ होकर घर लौटे हैं.
सतर्कता के साथ डेंगू से बचाव पर विशेष ध्यान देना होगा. पिछले कई दिनों से भारी बारिश हुयी है. प्रत्येक इलाके में जल जमाव व गंदगी फैल रही है. टायर, टूटे-फूटे बरतन, टंकी व आस-पास के इलाकों में जमा पानी व गंदगी को साफ करते रहना चाहिए. डेंगू के मच्छर जमे साफ पानी में ही पनपते है. बुखार होने पर मरीज अपने खून की जांच व एनएस-1 की जांच कराएं. डॉक्टर की सलाह पर बुखार का उचित इलाज कराना चाहिए. सिलीगुड़ी जिला अस्पताल व उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भी डेंगू के इलाज की समुचित व्यवस्था है.
