सिलीगुड़ी. उत्तर बंगाल बाढ़ से परेशान है. दक्षिण बंगाल के साथ देश के विभिन्न भागों से उत्तर बंगाल का संपर्क टूट गया है. दक्षिण बंगाल, बिहार व असम को जोड़ने वाली रेलवे ट्रैक के उपर से बाढ़ का पानी बह रहा है.
राष्ट्रीय राजमार्ग पर जल जमाव की वजह से आवाजाही ठप है. इस परिस्थिति से निपटने के लिये केंद्र सरकार उपयुक्त सहायता नहीं कर रही है. यह आरोप राज्य के पर्यटनमंत्री गौतम देव ने लगाया है. बाढ़ की वजह से ठप रेल सेवा से परेशान यात्रियों के लिये वैकल्पिक उपाय तलाशने को लेकर उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर तंज कसा है. सोमवार को सिलीगुड़ी स्थित पर्यटन कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए राज्य के पर्यटन मंत्री गौतम देव ने कहा कि पिछले कई दिनों की भारी बारिश ने रेल परिसेवा को बुरी तरह प्रभावित किया है.
कोलकाता व बिहार से होकर न्यू जलपाईगुड़ी आने वाली ट्रेने मालदा व कटिहार से ही वापस लौट रही है. जबकि कई ट्रेन किशनगंज, दालखोला, अलुआबाड़ी, कानकी आदि छोटे स्टेशन पर रोकी गयी है. दूसरी तरफ अलीपुरद्वार व कूचबिहार में भी बाढ़ की वजह से पड़ोसी राज्य असम के साथ भी रेल व सड़क संपर्क टूट गया है.
