मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की इस सफलता का जश्न मनाने के लिए कोलकाता नगर निगम ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करने का फैसला किया है. बुधवार को निगम के मासिक अधिवेशन में मेयर शोभन चटर्जी ने यह घोषणा की. श्री चटर्जी ने कहा कि कन्याश्री परियोजना राज्य में लड़कियों के जीवन में एक बड़ा बदलाव लाने में एक बड़ी भूमिका निभा रही है.
लड़कियां अब न केवल बड़ी संख्या में स्कूल आ रही हैं, बल्कि उनके बीच में पढ़ाई छोड़ने के प्रतिशत में भी बेहद कमी आयी है. इसका श्रेय केवल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को जाता है. कन्याश्री की सफलता की कहानी अब सारी दुनिया तक पहुंच चुकी है. संयुक्त राष्ट्र ने उन्हें आमंत्रित कर सम्मानित किया है, जो न केवल पश्चिम बंगाल के लिए बल्कि देश के लिए गर्व की बात है. इस सफलता के लिए हम लोग मुख्यमंत्री का अभिनंदन करेंगे. यह एक ऐतिहासिक समारोह होगा. इसके लिए हम लोग मुख्यमंत्री से समय मांगेगे. मेयर ने कहा कि वह चेयरपर्सन माला राय से आवेदन करते हैं कि वह इस संबंध में निगम की आेर से मुख्यमंत्री को एक पत्र लिख कर उनसे मिलने का समय मांगे. उन्होंने विपक्षी पार्षदों को भी साथ चलने का आह्वान किया.
