तृणमूल नेताओं के घर, सरकारी कार्यालय व थाने फूंके जा रहे हैं. ताजा मामले में तृणमूल और मिरिक नगरपालिका के वाइस चेयरमैन एमके जिम्बा के घर पर हमला हुआ है. हमले का आरोप गोजमुमो समर्थकों पर लगा है. जानकारी के अनुसार उपद्रवियों ने श्री जिम्बा के घर पर पेट्रोल बम से हमला किया. श्री जिम्बा भी इस हमले में घायल हो गये हैं. उनके घर के कुछ भाग को आग के हवाले कर दिया गया है. इसमें घर के अन्य लोग बाल-बाल बच गये. प्राथमिक चिकित्सा के लिए श्री जिम्बा को मिरिक अस्पताल में भरती कराया गया है.
इसके अलावा मिरिक इलाके में कृषि विभाग के कार्यालय को भी उपद्रवियों ने फूंक दिया है. घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में मिरिक थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. अग्निशमन की दो गाड़ियां भी मौके पर आयीं और हालात को काबू में किया. श्री जिम्बा के घर के साथ ही मिरिक नगरपालिका पर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गयी है. अन्य स्थानों पर भी छिटपुट हमले की घटनाएं हुई हैं. इसके अलावा दार्जिलिंग जिले के रंगली-रंगलियट इलाके में उपद्रवियों ने तीन पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया, जिसमें यह लोग बुरी तरह से घायल हो गये हैं. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार तोड़फोड़ के आरोप में कुछ गोजमुमो नेताओं के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी थी.
