कोलकाता. अपनी मांगों के समर्थन में बीते साल तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी राजभवन के सामने जहां धरने पर बैठे थे, अब उसी जगह पर राज्य में चुनाव बाद हो रही हिंसा के खिलाफ भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी भी धरना पर बैठना चाहते हैं. इसके लिए उन्होंने कोलकाता पुलिस के आयुक्त विनीत गोयल को पत्र भी दिया है. लेकिन अभी तक इसकी अनुमति नहीं मिली है. उल्लेखनीय है कि बीते साल दिसंबर में राज्य का बकाया देने व केंद्र सरकार द्वारा राज्य को केंद्रीय फंड से वंचित किये जाने के विरोध में राजभवन के सामने अभिषेक बनर्जी धरने पर बैठे थे. उसी जगह पर राज्य के विरोधी दल के नेता शुभेंदु अधिकारी भी 19 जून से धरने पर बैठना चाहते हैं. गुरुवार को शुभेंदु चुनाव बाद हो रही हिंसा से प्रभावित लोगों को लेकर राज्यपाल से मिलना चाहे थे. लेकिन धारा 144 का हवाला देते हुए पुलिस ने उन्हें व भाजपा समर्थकों को रोक दिया था. इस पर राज्यपाल ने भी नाराजगी जतायी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
