72 हजार के लालच में महिला से ठगी, जालसाज सोने की बालियां लेकर फरार

ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने हाबरा थाने में शिकायत दर्ज करायी है.

नोटों की गड्डी में ऊपर एक असली नोट, नीचे कागज के टुकड़े निकले

बारासात. उत्तर 24 परगना के हाबरा स्टेशन इलाके में 72 हजार रुपये का लालच देकर जालसाजों ने एक महिला से ठगी कर ली. जालसाज महिला के कान के सोने की बालियां लेकर फरार हो गये और बदले में उसे नकली नोटों की गड्डी थमा दी. ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने हाबरा थाने में शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस के अनुसार, पीड़िता का नाम तारकदासी माझी है. वह हरिणघाटा के हांपनिया मध्यपाड़ा की निवासी है. वह ऑटो से हांपनिया बाजार से हाबरा बाजार जा रही थी और वहां से ट्रेन पकड़ने के लिए हाबरा स्टेशन की ओर बढ़ रही थी. इसी दौरान स्टेशन से सटे इलाके में दो अज्ञात युवकों ने उससे बातचीत शुरू की. आरोप है कि दोनों युवकों ने तारकदासी को सोने की दो बालियों के बदले 72 हजार रुपये देने का झांसा दिया. जालसाजों ने पैसों की एक गड्डी दिखाकर महिला को लालच में डाल दिया. उनके झांसे में आकर महिला हाबरा के तबला पट्टी इलाके तक चली गयी. वहां तारकदासी ने कान से सोने की बालियां उतारकर जालसाजों को सौंप दीं और बदले में कागज में लिपटे नोटों की गड्डी ले ली. इसके तुरंत बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गये. कुछ ही देर में महिला को शक हुआ. जब उसने बंडल खोलकर देखा तो ऊपर केवल 100 रुपये का एक असली नोट था, जबकि नीचे नोट के आकार में कटे हुए अखबार के टुकड़े निकले. इसके बाद पीड़िता ने हाबरा थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज करायी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि हाबरा स्टेशन और तबला पट्टी इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. फुटेज में दो युवकों की मौजूदगी देखी गयी है. पुलिस उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GANESH MAHTO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >