आतंकवाद के खिलाफ हम केंद्र के साथ : ममता

केंद्रीय गृह मंत्री के साथ वर्चुअल बैठक में शामिल हुईं मुख्यमंत्री

बंगाल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र व राज्य के सुरक्षा एजेंसियों के साथ की बैठक

कहा : घबराने की जरूरत नहीं, हर परिस्थिति के लिए तैयार हैं हम

राज्य के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की छुट्टियां रद्द

संवाददाता, कोलकाता

भारतीय सेना के ””ऑपरेशन सिंदूर”” के बाद पाकिस्तान की जवाबी कार्रवाई की आशंकाएं बढ़ गयी हैं. ऐसे में बुधवार को देश के गृह मंत्री अमित शाह ने सीमावर्ती क्षेत्रों के 10 राज्यों के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव सहित अन्य अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक की. बैठक में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी शामिल हुईं. केंद्रीय गृह मंत्री के साथ बैठक के बाद ममता बनर्जी ने बंगाल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों व केंद्र सरकार के सीएपीएफ अधिकारियों के साथ बैठक की.

बैठक के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य सचिवालय नबान्न भवन से संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया. हालांकि, उन्होंने गृह मंत्री के साथ हुई बैठक के दौरान किन बातों पर चर्चा हुई, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों को शांत रहने और भ्रमित न होने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार एजेंसियां व अधिकारी पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं, इसलिए घबराने की कोई बात नहीं है. हम परिस्थिति से निबटने के लिए तैयार हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की रक्षा के लिए बंगाल सरकार केंद्र के साथ है और आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष में कंधे से कंधा मिला कर लड़ेंगे.

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समय आ गया है कि हम आपसी मतभेदों को भूलकर देश के हित व सुरक्षा के लिए मिलकर काम करें. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थिति पर नजर रखने के लिए पुलिस और प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी खबर या सूचना पर बिना पुष्टि किये विश्वास न करें. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के भ्रामक या भड़काऊ खबरें फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलों में डीएम से एसपी और अन्य पुलिस स्टेशन के आईसी तक को सतर्क रहने की हिदायत दी गयी है. सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया है. साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परिस्थिति को देखते हुए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं से जुड़े विभागों के अधिकारी व कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गयी हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ganesh mahto

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >