आद्रा (पुरुलिया) से हंसराज सिंह की रिपोर्ट
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के एक पंचायत प्रधान को देखते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. लोगों ने उस पर जमकर अंडे बरसाये. पंचायत प्रधान को बुरी तरह से पीटा. घटना रघुनाथपुर-1 ब्लॉक के तृणमूल संचालित आड़रा ग्राम पंचायत की है. पंचायत प्रधान तूफान कुमार राय को बुधवार को जनता का गुस्सा झेलना पड़ा, जब वह लंबे समय बाद लोगों के सामने आये. पंचायत कार्यालय के सामने ही ग्रामीणों के एक समूह ने उन्हें घेरकर प्रदर्शन किया और उनकी पिटाई भी की. इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है.
पंचायत प्रधान को पुलिस ने ग्रामीणों के गुस्से से बचाया
स्थिति बिगड़ती देख किसी ने आद्रा थाने की पुलिस को सूचना दी. मौके पर पुलिस पहुंची. पुलिस ने माहौल शांत करने और प्रधान को सुरक्षित निकालने की कोशिश की, तो प्रदर्शनकारी और उग्र हो गये. उत्तेजित भीड़ ने प्रधान पर अंडे फेंकने शुरू कर दिये. उनके साथ जमकर मारपीट की. लोगों ने ‘चोर-चोर’ के नारे लगाये. इस दौरान उपद्रवियों ने प्रधान को पुलिस की हिरासत से छीनने का भी प्रयास किया. हालांकि, पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें भीड़ से बचाया और आद्रा थाने ले गयी.
ये भी पढ़ें: बीरभूम में बालू माफिया के करीबी मोनिर के घर छापा, 15 किलो सोना और 5.5 करोड़ कैश जब्त, देखें तस्वीरें
‘कटमनी’ की वजह से नाराज थे ग्रामीण : भाजपा
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पंचायत के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सदस्य व विरोधी दल के नेता नयन महंत ने कहा कि प्रधान तूफान कुमार राय लंबे समय से कार्यालय नहीं आ रहे थे. इसकी शिकायत कई बार प्रशासन से की गयी. बुधवार को जैसे ही ग्रामीणों ने उन्हें देखा, उनका गुस्सा फूट पड़ा. महंत ने आरोप लगाया कि पंचायत के विकास कार्यों के बदले प्रधान ‘कटमनी’ (कमीशन) की मांग करते थे. इसलिए लोग उनसे नाराज थे और आज अपनी नाराजगी का इस तरह से इजहार किया. आद्रा थाना की पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र में फर्जीवाड़े की आशंका, कुल्टी बोरो कार्यालय में पुलिस के छापे से हड़कंप
