नैहाटी व खड़दह में भाजपा की बाइक रैली रोकने पर हंगामा

विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की परिवर्तन यात्रा के समर्थन में शनिवार को उत्तर 24 परगना के बैरकपुर सांगठनिक जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा युवा मोर्चा की ओर से बाइक रैली निकाली गयी.

पुलिस से धक्का-मुक्की, सड़क किया जाम

प्रतिनिधि, बैरकपुर

विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की परिवर्तन यात्रा के समर्थन में शनिवार को उत्तर 24 परगना के बैरकपुर सांगठनिक जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा युवा मोर्चा की ओर से बाइक रैली निकाली गयी. नैहाटी व खड़दह में दो जगहों पर बैरकपुर सांगठनिक जिला भाजपा युवा मोर्चा की बाइक रैली को पुलिस प्रशासन द्वारा रोके जाने पर जमकर हंगामा हुआ. पुलिस के साथ प्रदर्शनकारियों की धक्का-मुक्की भी हुई. इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क अवरोध कर विरोध प्रदर्शन किया. अंत में पुलिस ने बलपूर्वक प्रदर्शनकारियों को हटा कर स्थिति को नियंत्रित किया.

नैहाटी के नदिया जूट मिल मोड़ से घोषपाड़ा रोड होते हुए बैरकपुर सांगठनिक जिला भाजपा युवा मोर्चा की बाइक रैली आगे बढ़ रही थी. इसी दौरान गौरीपुर के पास पुलिस प्रशासन ने रैली को रोक दिया. इसके बाद पुलिस और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के बीच बहस और धक्का-मुक्की शुरू हो गयी. कुछ देर बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया.

मौके पर बैरकपुर सांगठनिक जिला भाजपा के महासचिव रूपक मित्रा ने कहा कि पुलिस ने भाजपा की शांतिपूर्ण रैली को जबरन रोक दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि बिना महिला पुलिस के महिला कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग कर उन्हें हटाया गया. उन्होंने कहा कि तृणमूल की सरकार डर गयी है, इसलिए पुलिस के सहारे भाजपा की रैली में बाधा डाली जा रही है.

इधर, खड़दह स्टेशन रोड इलाके में बीटी रोड पर भाजयुमो की बाइक रैली को रोक दिया गया. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया. बाद में मौके पर पहले से तैनात टीटागढ़ थाने की पुलिस और कमिश्नरेट के कई अधिकारियों ने बलपूर्वक सभी को वहां से हटा दिया. इस दौरान बैरकपुर सांगठनिक जिला भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष विशाल जायसवाल ने आरोप लगाया कि पुलिस तृणमूल कांग्रेस के दबाव में काम कर रही है और उसके इशारे पर भाजपा की रैली को रोका जा रहा है. उन्होंने कहा कि रैली के लिए 48 घंटे पहले पुलिस को आवेदन दिया गया था, इसके बावजूद दोहरा रवैया अपनाया जा रहा है.

क्या कहना है पुलिस अधिकारी का :

वहीं, बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस रैली के लिए किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गयी थी. इसी कारण पुलिस ने बाइक रैली को रोक दिया.

भाजपा की परिवर्तन यात्रा के दौरान नारेबाजी

हुगली. उत्तरपाड़ा में भाजपा की परिवर्तन यात्रा के दौरान शनिवार को कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गयी. परिवर्तन यात्रा जब तृणमूल कांग्रेस के पार्षद तापस मुखर्जी के कार्यालय के सामने से गुजर रही थी, उसी समय तृणमूल समर्थकों ने ‘जय बांग्ला’ और ‘मोदी हटाओ’ के नारे लगाये. इसके जवाब में भाजपा समर्थकों ने भी ‘चोर-चोर’ के नारे लगाये. दोनों पक्षों की नारेबाजी के कारण इलाके में उत्तेजना फैल गयी. हालांकि मौके पर मौजूद चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभाल लिया और परिवर्तन यात्रा के वाहनों को सुरक्षित आगे बढ़ा दिया. इलाके में यातायात भी सामान्य हो गया. इस संबंध में तृणमूल पार्षद व हुगली-श्रीरामपुर संगठनात्मक जिले के उपाध्यक्ष तापस मुखर्जी ने कहा कि कुछ बाइक और दो-तीन गाड़ियों के साथ निकली यह यात्रा पूरी तरह फ्लॉप शो रही.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >