हावड़ा. बागनान थाना अंतर्गत बागनान एक नंबर ग्राम पंचायत के उपप्रधान के पति व तृणमूल नेता महबूब खान पर एक दंपती से पांच मंजिला आवासीय भवन बनाने के लिए 25 लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगा है. दंपती ने घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराया है. साथ ही हाइकोर्ट में भी एक याचिका दायर की है. वहीं, तृणमूल नेता ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है. जानकारी के अनुसार, बागनान के काचारीपाड़ा क्षेत्र निवासी दंपती शेख साबिर अली और ताहिरा खातून किसान बाजार के पास एक पांच मंजिला अपार्टमेंट का निर्माण करा रहे हैं. इसके लिए जिला परिषद से अनुमति भी ली है. ताहिरा खातून का आरोप है कि तृणमूल नेता महबूब खान 25 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं. रुपये नहीं देने पर काम बंद कराने की धमकी भी दी गयी. दबाव में आकर दंपती ने तृणमूल नेता को पांच लाख रुपये दिये भी, लेकिन वह बाकी के 20 लाख रुपये भी मांग रहा है. उधर, महबूब खान ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि उक्त इलाके में निर्माण पर प्रतिबंध है. मैंने एसडीपीओ, बीएलआरओ और बीडीओ को भी सूचित किया है. रुपये मांगने और लेने की बात गलत है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
