हुगली. जिले के पोलबा-दादपुर इलाके में तृणमूल कांग्रेस के एक नेता पर बांस से हमला किये जाने की घटना सामने आयी है. इस हमले में घायल नेता को चुंचुड़ा स्थित इमामबाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार पोलबा-दादपुर ब्लॉक तृणमूल अध्यक्ष व हुगली की सांसद रचना बनर्जी के चुनावी एजेंट रह चुके सुभाष घड़ा बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान दादपुर थाना क्षेत्र के मोशोर गांव में 62 वर्षीय एक बुजुर्ग ने उनकी बाइक रोक दी और अचानक बांस से उन पर हमला कर दिया. हमले के दौरान सुभाष घड़ा ने खुद को बचाने की कोशिश की. सिर पर हेलमेट होने के कारण वह बड़ी चोट से बच गये. लेकिन आंख के नीचे उन्हें चोट आयी है. वहीं दाहिने हाथ में गंभीर चोट भी आयी है. घटना की सूचना मिलते ही दादपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल तृणमूल नेता को अस्पताल भेजा. पुलिस ने आरोपी बुजुर्ग को हिरासत में ले लिया है. पुलिस के अनुसार आरोपी मानसिक रूप से बीमार है. पहले भी उसका इलाज बर्दवान मेडिकल कॉलेज में हो चुका है. फिलहाल उसे दोबारा मानसिक उपचार के लिए वहीं ले जाने की तैयारी की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
