कोलकाता
. मालदा से गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी उमर फारूक के परिवार के बयान के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गयी है. उमर की मां ने दावा किया कि उनका परिवार तृणमूल कांग्रेस से जुड़ा है और उनका बेटा भी तृणमूल करता था. इस बयान को लेकर भाजपा और तृणमूल के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. भाजपा सांसद खगन मुर्मू ने कहा कि यह मामला गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने राज्य सरकार पर सुरक्षा के मुद्दे पर सवाल उठाये. भाजपा का आरोप है कि सीमा से सटे इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर पहले भी चेतावनी दी गयी थी. तृणमूल ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि किसी आरोपी के परिजन के राजनीतिक झुकाव के आधार पर पूरे दल को कटघरे में खड़ा करना उचित नहीं है. पार्टी नेताओं ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और दोषी पाये जाने पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. साथ ही उन्होंने सीमा सुरक्षा को केंद्र सरकार का विषय बताते हुए जिम्मेदारी की ओर भी इशारा किया.कांग्रेस ने भी मामले में संयम बरतने की अपील की है. पार्टी नेताओं का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले राजनीतिक आरोप लगाना सही नहीं है. गौरतलब है कि पुलिस व जांच एजेंसियां इस मामले की तह तक जाने में जुटी हैं. मालदा और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है.
