खास बातें
West Bengal Kalbaisakhi Alert: पश्चिम बंगाल में भीषण गर्मी के बीच प्रकृति का मिजाज बदलने वाला है. अलीपुर मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में काल बैसाखी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. बृहस्पतिवार को कोलकाता समेत दक्षिण और उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों में गरज के साथ भारी बारिश और तेज आंधी चलने की संभावना है.
अचानक तूफान आने और बिजली गिरने की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. अचानक आने वाले इस तूफान और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
दक्षिण बंगाल के इन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
अलीपुर मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण बंगाल के कई जिलों में दोपहर या शाम तक मौसम बिगड़ सकता है. बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, नदिया और उत्तर 24 परगना जिले में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश के साथ वज्रपात (Lightning) की चेतावनी दी गयी है. इन क्षेत्रों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं नुकसान पहुंचा सकती हैं. कोलकाता में दिन भर बादल छाये रहेंगे और दोपहर बाद बारिश होने के आसार हैं, जिससे चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
जंगलमहल में गर्मी और उमस का डबल अटैक
एक तरफ बारिश का अलर्ट है, तो दूसरी तरफ दक्षिण बंगाल के कुछ हिस्सों में गर्मी का सितम भी जारी रहेगा. पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्धमान, झारग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर के कुछ इलाकों में हॉट एंड ह्यूमिड (गर्म और उमस भरी) स्थिति बनी रहेगी. हालांकि, यहां भी गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है.
उत्तर बंगाल में शनिवार तक जारी रहेगी बारिश
पहाड़ों और तराई वाले इलाकों में भी मौसम मेहरबान रहने वाला है. दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कलिम्पोंग जिलों में शनिवार तक हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश जारी रहने का अनुमान है. कूचबिहार और अलीपुरदुआर में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है. यहां 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
West Bengal Kalbaisakhi Alert: प्रशासन ने दी सावधान रहने की सलाह
मौसम विभाग ने कहा है कि अचानक आने वाले तूफान और बिजली गिरने (Thunderstorm Activity) के दौरान लोग खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे न रहें. किसानों को भी अपनी कटी हुई फसल सुरक्षित स्थानों पर रखने को कहा गया है. अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम का यह अस्थिर मिजाज बना रहेगा.
अगले 7 दिनों का मौसम पूर्वानुमान (Weather Forecast)
- 16 अप्रैल : आसमान में बादल छाये रहेंगे. 40-50 किमी/घंटा की हवाओं के साथ मध्यम बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेंटीग्रेड रहेगा.
- 17 अप्रैल : हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. तापमान 25 डिग्री सेंटीग्रेड से 35 डिग्री सेंटीग्रेड के बीच रहेगा.
- 18 अप्रैल : शाम को छिटपुट गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं, हालांकि दिन में उमस बनी रहेगी.
- 19 अप्रैल : मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, लेकिन आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे. तापमान 36 डिग्री सेंटीग्रेड तक जा सकता है.
- 20 अप्रैल : उमस भरी गर्मी के बीच कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना है.
- 21 अप्रैल : आसमान साफ रहेगा और मौसम दोबारा गर्म होने की उम्मीद है.
इसे भी पढ़ें
मौसम : बंगाल के अलावा इन राज्यों में होगी बारिश, आया IMD का अलर्ट
