बंडेल स्टेशन पर ट्रेन का पेंटोग्राफ टूटा, घंटों प्रभावित रही रेल सेवा

गुरुवार को हावड़ा मंडल के हावड़ा-बंडेल-बर्दवान मेन लाइन सेक्शन में बंडेल स्टेशन पर 37228 डाउन बंडेल-हावड़ा लोकल ट्रेन का पेंटोग्राफ टूटने से ट्रेन सेवा बुरी तरह से प्रभावित हुई.

तीन घंटे तक की मरम्मत के बाद सुबह 11 बजे से ट्रेन सेवा हुई समान्य

संवाददाता, कोलकाता/हुगली.

गुरुवार को हावड़ा मंडल के हावड़ा-बंडेल-बर्दवान मेन लाइन सेक्शन में बंडेल स्टेशन पर 37228 डाउन बंडेल-हावड़ा लोकल ट्रेन का पेंटोग्राफ टूटने से ट्रेन सेवा बुरी तरह से प्रभावित हुई. घटना के बाद कटवा और बर्दवान शाखा की ट्रेनों का संचालन ठप हो गया. घटना के कारण 23 इएमयू लोकल ट्रेनों को रद्द करना पड़ा. अप और डाउन लाइन पर सभी ट्रेनों की आवाजाही ठप होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8:15 बजे 37228 डाउन बंडेल-हावड़ा लोकल, बंडेल स्टेशन के प्लेटफॉर्म तीन से रवाना हुई ही थी कि उसका पेंटोग्राफ, ओवरहेड तार से उलझ कर टूट गया. इसी समय 37824 डाउन बर्दवान-हावड़ा लोकल के बंडेल स्टेशन के प्लेटफॉर्म दो पर आने का सिग्नल हो गया था. लेकिन ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने से पहले ही उसका पेंटोग्राफ भी ओवरहेड तार से उलझ गया. बंडेल स्टेशन के तीन और दो नंबर प्लेटफॉर्म का ओवरहेड तार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. दोनों ट्रेनों को पेंटोग्राफ में आयी समस्या के बाद हावड़ा मंडल के बंडेल, हुगली और आदिसप्तग्राम स्टेशनों के बीच अप और डाउन सेवा ठप हो गयी.

उधर घटना की जानकारी होते ही हावड़ा मंडल के वरिष्ठ अधिकारी बंडेल स्टेशन पहुंचे. टावर वैन के साथ रेल कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे. इमरजेंसी पावर ब्लॉक के बाद इंजीनियर की टीमों ने युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया. लगभग तीन घंटे तक चली मरम्मत के बाद सुबह 11.07 बजे मंडल में ट्रेन परिचालन फिर से सामान्य हो पायी.

बंडेल-हावड़ा सेक्शन, कटवा-बंडेल सेक्शन और नैहाटी-बंडेल सेक्शन पर ट्रेनों का परिचालन सुबह 10:20 बजे फिर से शुरू किया गया, जबकि पावर ब्लॉक समाप्त होने के बाद बंडेल-बर्दवान सेक्शन में आवाजाही फिर से शुरू हुई.

स्टेशनों पर कई ट्रेनें खड़ी रहीं :

घटना के बाद डाउन लाइन में 37824 बर्दवान लोकल, 37230 बंडेल लोकल, 37916 कटवा लोकल, 37202 मातृभूमि लोकल, 37232 बंडेल लोकल, 37826 बर्दवान-हावड़ा लोकल और अप लाइन में हुगली, चुंचुड़ा और चंदननगर स्टेशनों पर भी कई ट्रेनें रुकी रहीं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >