एक ही परिवार की दो महिलाएं व किशोरी मृत मिलीं, तीन पुरुष सदस्य ‘दुर्घटना’ में जख्मी मृतकों की कलाई की नसें कटी मिलीं, अलग-अलग कमरों में पड़े थे तीन शव बाइपास में दुर्घटना में जख्मी लोगों में से एक के बयान पर टेंगरा के घर पर पहुंची पुलिस कोलकाता. शहर के टेंगरा इलाके में बुधवार को एक ही परिवार की दो महिलाएं और एक किशोरी अपने घर में मृत मिलीं, जबकि इसी परिवार के तीन पुरुष सदस्य उस समय गंभीर रूप से घायल हो गये, जब उनकी कार इएम बाइपास पर मेट्रो रेलवे के एक खंभे से टकरा गयी. सूचना पाकर टेंगरा थाने की पुलिस के साथ लालबाजार की होमीसाइड शाखा की टीम मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह टेंगरा इलाके के सील लेन के पास अतुल सुर लेन में चार मंजिली इमारत की चौथी मंजिल पर तीन अलग-अलग कमरों से एक किशोरी और दो महिलाओं का शव बरामद किया गया. इनकी पहचान सुदेशना दे (39), रोमी दे (43) और 15 वर्षीय किशोरी श्रेया दे के रूप में हुई है. पता चला है कि मृतकों में प्रत्येक की कलाई की नसें कटी हुई थीं. शरीर में कई जगहों पर जख्म के निशान मिले हैं. किशोरी की नाक के पास गहरे जख्म के निशान मिले हैं, लेकिन इन तीनों की मौत कैसे हुई, आत्महत्या है या नहीं, यह अभी तक स्पष्ट नहीं है. इनके परिवार के दो सदस्यों प्रणय दे (48) एवं प्रसून दे (50) को फिलहाल जांच चलने तक हिरासत में लिया गया है. आसपास के लोगों से पूछताछ में पुलिस को प्राथमिक जानकारी मिली है कि प्रणय एवं प्रसून का चमड़े से बने उत्पाद बेचने का धंधा है. वे चमड़े का हैंड ग्लब्स भी बनाते थे. व्यवसाय में भारी नुकसान होने के कारण संभवत: इन्होंने आत्महत्या का रास्ता चुना होगा. क्या है मामला एवं कैसे हुआ खुलासा: दरअसल, इएम बाइपास में रूबी चौराहे के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार प्राइवेट कार मेट्रो रेलवे के ब्रिज के खंभे से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. उस कार में प्रणय दे एवं प्रसून दे के साथ एक किशोर भी मौजूद था. तीनों को बाइपास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इन तीनों में से एक व्यक्ति ने पुलिस से कहा कि टेंगरा इलाके में उनका घर है. उनके घर के कमरों में तीन लाशें पड़ी हुई हैं. यह सुनकर पुलिसकर्मी चौंक गये. बताये गये पते पर जाकर देखने पर तीन अलग-अलग कमरों में दो महिलाएं एवं एक किशोरी के रक्तरंजित शव पड़े थे. तीनों शवों को कब्जे में ले लिया गया. सवाल यह उठ रहा है कि क्या इन्होंने आत्महत्या की है या इनकी हत्या हुई है. आत्महत्या का कारण क्या है, यह भी जांच का विषय बना हुआ है. देखें पेज 03 भी हत्या या आत्महत्या, रहस्य बरकरार टेंगरा के एक घर से तीन लोगों के शव बरामद होने की खबर पाकर कोलकाता के पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) रूपेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे. फॉरेंसिक विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची. बाद में श्री वर्मा ने संवाददाताओं से कहा कि घटनास्थल को देखकर लगता है कि कई रहस्यों से परदा उठना बाकी है. सड़क हादसे में जख्मी दो लोगों में से एक ने बयान में कहा है कि नशीली दवा मिला खीर खाकर घर की महिला सदस्यों ने किशोरी के साथ आत्महत्या की कोशिश की. जान देने के लिए ही तीनों ने अपने हाथों की कलाई की नसें काटी हैं. पुरुष सदस्यों ने कहा है कि वे भी कार में सवार होकर आत्महत्या करने ही जा रहे थे. वे सच बोल रहे हैं या कोई कहानी गढ़ रहे हैं, पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है. तीनों मृतकों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस के लिए काफी अहम है. रिपोर्ट से तीनों की मौत को लेकर कई सवालों का जवाब जांच अधिकारियों को मिल सकेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
