बालागढ़ : बीडीओ कार्यालय के सामने तृणमूल-भाजपा समर्थक भिड़े, तनाव

गुरुवार को बालागढ़ बीडीओ कार्यालय के सामने तृणमूल कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच जोरदार टकराव हो गया. दोनों दलों के समर्थकों के आमने-सामने आने से पूरे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गयी.

हुगली.

गुरुवार को बालागढ़ बीडीओ कार्यालय के सामने तृणमूल कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच जोरदार टकराव हो गया. दोनों दलों के समर्थकों के आमने-सामने आने से पूरे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गयी. भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला दहन कर विरोध जताया, जिसे लेकर पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई.

भाजपा का आरोप है कि उनके एक अस्वस्थ कार्यकर्ता को अस्पताल ले जाते समय तृणमूल समर्थकों ने गाड़ी रोक कर उस पर हमला किया. हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है. स्थिति बिगड़ती देख बालागढ़ थाना की भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लिया.

बताया गया है कि बालागढ़ में तृणमूल के वैध मतदाताओं के नाम हटाने की साजिश का आरोप लगाते हुए भाजपा ने पहले हजारों की संख्या में फॉर्म 7 जमा किये थे. इसके विरोध में गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस ने बीडीओ कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गणेश कुमार का पुतला दहन किया था. इसके जवाब में शुक्रवार को भाजपा ने भी प्रदर्शन का आह्वान किया. वहीं, बीडीओ कार्यालय के मुख्य द्वार पर तृणमूल का धरना जारी रहा.

कार्यालय के दो अलग-अलग गेटों पर दोनों दलों के कार्यकर्ता माइक लगाकर नारेबाजी करने लगे. जय श्रीराम और जय बांग्ला के नारों से माहौल और अधिक गरमा गया. बाद में दोनों पक्ष एसटीकेके रोड पर उतर आये, जहां पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की. इस दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की भी हुई.

इसी बीच, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुजय विश्वास की तबीयत बिगड़ गयी. उन्हें अस्पताल ले जाते समय तृणमूल नेता रूना खातून पर गाड़ी रोक कर हमला कराने का आरोप भाजपा नेता सुरेश साव ने लगाया. दूसरी ओर, कल्याणी के भाजपा विधायक अंबिका राय ने पुलिस पर तृणमूल के पक्ष में काम करने और बीडीओ कार्यालय में चल रही सुनवाई को बाधित करने का आरोप लगाया.

वहीं, तृणमूल नेता रूना खातून ने कहा कि भाजपा बिना अनुमति के गड़बड़ी फैलाने आयी थी, जबकि तृणमूल एसआइआर के नाम पर आम लोगों के नाम काटने की साजिश के खिलाफ शांतिपूर्ण आंदोलन कर रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bijay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >