कोलकाता से शिव कुमार राउत की रिपोर्ट
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को विधानसभा में घोषणा की पूर्व विधायकों के चिकित्सा भत्ता यानी मेडिकल अलाउंस में वृद्धि की जायेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी पूर्व विधायकों को चिकित्सा खर्च के लिए हर महीने 6 हजार रुपए मिलते हैं. उनकी सरकार ने इसे बढ़ाकर 10 हजार रुपए करने का फैसला किया है. यह व्यवस्था अगस्त से लागू की जायेगी.
‘ममता सरकार ने पूर्व विधायकों के लिए कुछ नहीं किया’
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इसे कानूनी रूप देने के लिए अगले विधानसभा सत्र में सरकार विधेयक लायेगी. इसके बाद पूर्व विधायकों को बकाया राशि समेत बढ़ा हुआ भत्ता मिलने लगेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने पूर्व विधायकों की आर्थिक सुरक्षा के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाये. उन्होंने कहा कि कई विधायकों ने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपना कार्यकाल पूरा किया, लेकिन आज उनकी आर्थिक स्थिति चिंताजनक है.
दीनबंधु मंडल और सुभाष नस्कर का दिया उदाहरण
उन्होंने उदाहरण दिया कि महिषादल के भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के पूर्व विधायक दीनबंधु मंडल अभी भी साइकिल से बाजार जाते हैं. इसी तरह वाममोर्चा सरकार में पूर्व सिचाई मंत्री और बासंती के पूर्व विधायक सुभाष नस्कर भी रेलवे स्टेशन पर बैठकर लोगों से बातचीत करते हैं. आसपास के बाजार से खरीदारी करते हैं.
ये भी पढ़ें: इमरजेंसी में जेल जाने वालों को शुभेंदु अधिकारी की सौगात, हर महीने मिलेंगे 10,000 रुपए
अगले सत्र में विधेयक लायेगी सरकार
पूर्व विधायकों की ऐसी स्थिति को देखते हुए चिकित्सा भत्ता बढ़ाने का फैसला किया गया है. उन्होंने कहा कि इस फैसले को लागू करने के लिए अगले सत्र में विधेयक लाना होगा. इसमें इस व्यवस्था को अगस्त से लागू करने का प्रावधान किया जायेगा. इसके कानूनी रूप लेते ही पूर्व विधायकों को बकाया राशि समेत सभी लाभ मिलने लगेंगे.
ये भी पढ़ें: दुर्गा पूजा अनुदान नीति में होगा बदलाव, 10 लाख से कम बजट वाले क्लबों को ही मदद देगी शुभेंदु अधिकारी सरकार!
