झारग्राम में जंगली हाथी का तांडव : स्कूल का दरवाजा तोड़ा, रसोईघर उजाड़ा, मचायी तबाही

झारग्राम के कुसुमघाटी में दल से बिछड़े जंगली हाथी ने स्कूल और घरों में जमकर उत्पात मचाया. पूरी रात दहशत में जागते रहे ग्रामीण. वन विभाग निगरानी में जुटा.

Jhargram News: झारग्राम जिले के झारग्राम ग्रामीण ब्लॉक अंतर्गत मानिकपाड़ा रेंज के कुसुमघाटी बीट इलाके में शुक्रवार देर रात एक दल से बिछड़े जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया. हाथी के अचानक रिहायशी इलाके में घुस आने से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गयी. ग्रामीणों ने पूरी रात भय और दहशत के बीच जागकर बितायी.

जानकारी के अनुसार, भोजन की तलाश में हाथियों के झुंड से अलग हुआ यह हाथी सबसे पहले गोदारास्ता एसएसके (स्कूल) परिसर में पहुंचा. वहां उसने भवन के अंदर घुसने की कोशिश करते हुए मुख्य दरवाजे को क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके बाद वह रसोईघर तक पहुंच गया, जहां रखे भोजन के बर्तनों और खाने की सामग्री को पैरों से रौंदकर नष्ट कर दिया तथा अपनी सूंड से अन्य सामान को भी बुरी तरह तहस-नहस कर दिया.

स्कूल में उत्पात मचाने के बाद हाथी आसपास के रिहायशी इलाके में पहुंच गया और भोजन की तलाश में कई घरों पर हमला कर दिया. इस दौरान कई मकानों की खिड़कियां, दीवारें और छत के हिस्से क्षतिग्रस्त हो गये. हाथी के अचानक हमले से पूरे इलाके में दहशत फैल गयी. ग्रामीण अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर पूरी रात घरों में दुबके रहे.

स्थानीय लोगों का कहना है कि भोजन की तलाश में दल से बिछड़े जंगली हाथियों का आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश करना अब लगातार बढ़ता जा रहा है. इससे लोगों की जान-माल की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है.

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथियों की आवाजाही पर प्रभावी निगरानी रखी जाये और ऐसे क्षेत्रों में स्थायी एवं ठोस सुरक्षा उपाय किये जायें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन हाथी के उत्पात से लोगों में भारी भय का माहौल बना हुआ है. वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाये हुए है और हाथी की गतिविधियों पर निगरानी रख रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Jitesh borkar

Published by: Mithilesh Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >