बच्चों के लिए फीडिंग एवं महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की रहेगी व्यवस्था कोलकाता. महानगर में 40 स्थानों पर अत्याधुनिक शौचालय बनाये जायेंगे. वहां छोटे बच्चों के लिए ब्रेस्ट फीडिंग जोन और चेंजिंग रूम की भी सुविधा रहेगी. कोलकाता नगर निगम के बस्ती व पर्यावरण विभाग की ओर से इन शौचालयों का निर्माण किया जायेगा. बता दें कि इस वर्ष बजट में बस्ती विभाग का आवंटन बढ़ाया गया है. चालू वित्त वर्ष में विभाग को 249.09 करोड़ आवंटित किये गये हैं, जबकि पिछले वर्ष 232.69 करोड़ दिये गये थे. इस विषय में एमएमआइसी (बस्ती व पर्यावरण) स्वपन समद्दार ने कहा कि राज्य के दूसरे जिलों एवं अन्य राज्यों से काम या इलाज के लिए में हजारों महिलाएं रोज कोलकाता आती हैं. शहर में महिलाओं के लिए शौचालय तो है, लेकिन उनमें आराम करने के लिए कोई जगह नहीं है. ऐसे में विशेष कर उन महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिनके बच्चे काफी छोटे होते हैं. वे बच्चे को स्तनपान नहीं करा पातीं. इनकी परेशानियों को ध्यान में रखते हुए ऐसे शौचालय बनाने का निर्णय लिया गया है, जहां महिलाएं आराम कर सकें. अपने बच्चों की देखभाल कर सकें. शॉपिंग मॉल के शौचालयों के तर्ज पर निर्माण किया जायेगा. वहां सैनिटरी वेंडिंग मशीन भी होगी. ये शौचालय ‘पथखनिका’ के नाम से जाने जायेंगे. सभी पार्षदों से अपने वार्ड में स्थान चिह्नित करने को कहा गया है. कुछ स्थान चिह्नित किये जा चुके हैं. इनमें मिर्जा गालिब स्ट्रीट, होली चाइल्ड स्कूल के पास, पटुली झील के पास, बंगाल केमिकल मेट्रो स्टेशन के निकट और सीआईटी रोड इलाका आदि शामिल हैं. उक्त जगहों पर जल्द ही शौचालय निर्माण शुरू हो जायेगा. साथ ही लेडी डफरिन, आरजी कर मेडिकल कॉलेज, बेलियाघाटा आइडी हॉस्पिटल और एनआरएस अस्पताल में भी इस तरह के शौचालय बनाये जाने की योजना है. इन अस्पतालों में शौचालय निर्माण के लिए निगम को प्रस्ताव भी मिला है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
