हुगली. ग्रामीण जिला पुलिस के निर्देशन में पोलबा थाने की पुलिस ने सराहनीय तत्परता दिखाते हुए पिछले वर्ष और इस वर्ष लापता हुए कुल छह (06) व्यक्तियों को बरामद किया. इनमें तीन नाबालिक लड़कियां और तीन वयस्क महिलाएं शामिल हैं. बरामद किए गए नाबालिकों में से एक बच्ची लगभग एक वर्ष से लापता थी और वह नेपाल चली गयी थी, जहां वह अपने रिश्तेदार के पास रह रही थीं.
पोलबा थाना पुलिस ने हर मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की और मामले के जांच अधिकारियों ने लापता व्यक्तियों के परिवारवालों और अन्य सूत्रों से प्राप्त जानकारी को सत्यापित करते हुए इन नाबालिग लड़कियों को खोज निकाला. खोज अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और स्थानीय समाचार पत्रों में इन बच्चियों की तस्वीरें और पहचान पत्र प्रकाशित किए गए ताकि उनकी पहचान आसान हो सके.
बरामद की गयी प्रत्येक नाबालिग को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के पास भेजा गया. कमेटी की जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन बच्चियों को गुप्त बयान दर्ज कराने और कानूनी प्रक्रिया का पालन करने के लिए अदालत में पेश किया गया. पुलिस यह भी गहरायी से जांच कर रही है कि ये बच्चियां घर से क्यों गयी थीं और उनके गायब होने के दौरान वे कहां-कहां रहीं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
