छह को विधानसभा में एसआइआर पर होगी चर्चा

राज्य विधानसभा का बजट सत्र मंगलवार से शुरू होगा. इस दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) का मुद्दा विधानसभा में उठेगा.

विस का बजट सत्र आज से, पांच फरवरी को पेश होगा राज्य का अंतरिम बजट, कई विधेयक लाने की तैयारी

संवाददाता, कोलकाताराज्य विधानसभा का बजट सत्र मंगलवार से शुरू होगा. इस दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) का मुद्दा विधानसभा में उठेगा. राज्य में एसआइआर को लेकर जो हालात बने हैं, उस पर चर्चा होगी. इस मुद्दे पर चर्चा छह फरवरी शुक्रवार को होगी. इससे पहले पांच फरवरी को राज्य का अंतरिम बजट पेश किया जायेगा. एसआइआर मुद्दे पर चर्चा के लिए एक घंटे का समय निर्धारित किया गया है. यह जानकारी सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने दी. उन्होंने बताया कि चुनाव के पहले यह विधानसभा का आखिरी सत्र होगा. उधर, बजट सत्र से पहले सोमवार को विधानसभा में सर्वदलीय बैठक हुई. हालांकि, भाजपा के विधायक इस बैठक में शामिल नहीं हुए. मंगलवार को बजट सत्र 12.30 बजे आरंभ होगा. पर इस दिन स्पीकर द्वारा शोक प्रस्ताव को पढ़े जाने के बाद सत्र की कार्यवाही स्थगित कर दी जायेगी. चार फरवरी को शब-ए-बारात की सरकारी छुट्टी रहेगी. इसके बाद पांच फरवरी को राज्य बजट पेश किया जायेगा. बजट पेश होने से पहले इस दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा. उनका संबोधन 12.30 बजे शुरू होगा. इसी दिन दोपहर 2.30 बजे राज्य का अंतरिम बजट पेश किया जायेगा. स्पीकर ने बताया कि इसी मुद्दे पर इंडियन सेकुलर फ्रंट (आइएसएफ) के विधायक नौशाद सिद्दीकी ने प्रस्ताव पेश करने की अपील की है. पर, सत्ता पक्ष के प्रस्ताव को ही स्वीकार किया गया है. उन्होंने बताया कि नौशाद चाहें तो वे भी इस दिन चर्चा में भी हिस्सा ले सकते हैं. वहीं विधानसभा के इस बजट सत्र में कई बिल भी लाये जायेंगे.

उधर, विधानसभा में मंत्री शोभनदेव चटर्जी ने कहा, जिस तरह से एसआइआर की प्रक्रिया चल रही है वह कोई तरीका नहीं है. लोगों को परेशान किया जा रहा है. उनका दाव है कि एसआइआर के लागू होने के बाद से ही राज्य में केवल घबराहट में 125 से ज्यादा लोग मारे गये हैं. इसके लिए कौन जिम्मेदार है ? अगर समय दिया गया होता, तो ऐसा नहीं होता. भारत एक लोकतांत्रिक देश में, यह जबरदस्ती थोपा गया है. चुनाव आयोग अपनी मर्जी से काम नहीं कर सकता. उन्होंने केंद्र सरकार की ओर इशारा करते हुए कहा कि जो हो रहा है वह ठीक नहीं है. दिल्ली के कहने पर ऐसा किया जा रहा है.

एसआइआर पर चर्चा के लिए शोभनदेव पेश करेंगे प्रस्ताव

एसआइआर के मुद्दे पर छह फरवरी को शोभनदेव चट्टोपाध्याय एक प्रस्ताव पेश करेंगे. एसआइआर की वजह से राज्य के आम लोगों को दिक्कत हो रही है, ऐसा आरोप है. कई लोगों को परेशान भी किया जा रहा है. आरोप है कि कई ने आत्महत्या भी की है. ऐसे में इस दिन विस्तार से इन विषयों पर चर्चा होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR SINGH

AKHILESH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >