कोलकाता में पत्रकारों पर हुए हमले के विरोध में रविवार को प्रेस क्लब ऑफ खड़गपुर की ओर से शहर में विशाल मौन रैली निकाली गयी और अंत में पथसभा का आयोजन किया गया. विरोध कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकारों, समाजसेवियों और विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया और पत्रकारों पर बढ़ते हमलों के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया.
मौन रैली की शुरुआत खड़गपुर शहर के बेगदा इलाके से हुई. इसके बाद रैली महावीर पेट्रोल पंप होते हुए बोगदा पोस्ट ऑफिस क्षेत्र तक पहुंची, जहां पथसभा आयोजित की गयी. पूरे मार्च के दौरान प्रतिभागियों ने शांतिपूर्वक विरोध दर्ज कराते हुए पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता बनाए रखने की अपील की.
पथसभा में डॉ दीपक कुमार दासगुप्ता, सुमन कुमार दास, तारकेश्वर ओझा, अभिमन्यु गुप्ता, डी भानु, मनीष रामटेक, सुभाष लाल, राजेंद्र राव, अजय कुमार शर्मा, एसए खान, मानिक मंडल सहित कई पत्रकारों ने कोलकाता में पत्रकारों पर हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की. सभा में मौजूद पत्रकारों ने राज्य सरकार और प्रशासन से मांग की कि मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाये.
