कोलकाता. शालीमार स्टेशन पर आरपीएफ बैंड द्वारा देशभक्ति धुनों की शानदार प्रस्तुति की गई. देशभक्ति बैंड शो के कारण पुरा माहौल देशभक्ति मय हो उठा. स्टेशन पर मौजूद हर व्यक्ति देशभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा. स्वतंत्रता दिवस 2026 के मद्देनजर दक्षिण पूर्व रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल द्वारा शालीमार रेलवे स्टेशन पर इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. दक्षिण पूर्व रेलवे के आरपीएफ बैंड द्वारा प्रस्तुत शो को लोगों ने जमकर सराहा.
संगीतमय प्रस्तुति को यात्रियों ने भी सराहा
आरपीएफ बैंड द्वारा देशभक्ति एवं प्रेरणादायक धुनों की शानदार संगीतमय प्रस्तुति ने स्टेशन पर उपस्थित यात्रियों एवं आम जनता के बीच उत्साह, राष्ट्र गौरव एवं एकता की भावना का संचार हुआ. इस भव्य आयोजन ने रेलवे सुरक्षा बल की देशभक्ति, अनुशासन एवं समर्पण की भावना को प्रदर्शित किया तथा रेल यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा एवं सेवा के प्रति बल की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया. यह कार्यक्रम स्वतंत्रता दिवस समारोह का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा तथा रेलवे यात्रियों एवं आम जनता के बीच देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्र गौरव की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में आयोजित किया गया.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
देशभक्ति धुनों की प्रस्तुति
रेलवे सुरक्षा बल-खड़गपुर मंडल के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त प्रकाश कुमार पांडा ने बताया कि रेलवे स्टेशनों पर रेल सुरक्षा बल द्वारा देशभक्ति धुनों की प्रस्तुति का मुख्य उद्देश्य यात्रियों और आम जनता के बीच राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है. यह आयोजन स्वतंत्रता दिवस, के उपलक्ष्य में राष्ट्रव्यापी अभियानों के तहत किया जा रहा है. रेलवे सुरक्षा बल शालीमार के एएससी राधेश्याम चौब ने कहा कि इस आयोजन के द्वारा हम स्वतंत्रता दिवस समारोहों के पहले देश में देशभक्ति का माहौल तैयार करना चाहते हैं.
Also Read: बंगाल में होगी जाति प्रमाणपत्रों की जांच, अब तक 45,000 लोग संदिग्ध सूची में
