एजेंसियां, नयी दिल्ली
लगभग तीन साल पहले बीसीसीआइ अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद पूर्व भारतीय कप्तान सौरभ गांगुली बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के आगामी चुनावों में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं. गांगुली (52 वर्ष) 2019 तक सीएबी अध्यक्ष रहे. उन्होंने 2014 में दिवंगत जगमोहन डालमिया के नेतृत्व में राज्य इकाई के सचिव के रूप में अपना कार्यकाल शुरू किया था. फिर 2019 में उन्हें सर्वसम्मति से बीसीसीआइ का अध्यक्ष चुना गया और जय शाह सचिव बने. लेकिन एक कार्यकाल पूरा होने के बाद गांगुली की जगह 1983 विश्व कप के नायक रोजर बिन्नी आ गये.
सीएबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर से कहा: हां, सौरभ प्रबंधन व्यवस्था में वापसी के लिए उत्सुक हैं. उन्होंने सीएबी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने का मन बना लिया है. अगर बीसीसीआइ के संविधान के अनुसार देखा जाये तो उनके पास (राज्य संस्था में कुल नौ साल) पांच साल बचे हैं. वह सर्वसम्मति से चुने जायेंगे या चुनाव होंगे, यह अभी स्पष्ट नहीं है.
सीएबी के मौजूदा अध्यक्ष स्नेहाशीष गांगुली सौरव के बड़े भाई हैं. वह छह साल पूरे कर लेंगे जिसके बाद उन्हें लोढ़ा समिति की सिफारिश वाले संविधान के अनुसार अनिवार्य रूप से ब्रेक लेना होगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
