राज्य में कानून-व्यवस्था और प्रशासन की कार्यशैली के मुद्दे पर भाजपा ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर सवाल खड़े किये हैं. सोमवार को सॉल्टलेक स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा के प्रमुख प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आम नागरिकों पर अत्याचार हो रहे हैं.
राज्य में कानून-व्यवस्था और प्रशासन की कार्यशैली के मुद्दे पर भाजपा ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर सवाल खड़े किये हैं. सोमवार को सॉल्टलेक स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा के प्रमुख प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आम नागरिकों पर अत्याचार हो रहे हैं. सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है. बंगाल में अब आम लोग भी सुरक्षित नहीं हैं. देबजीत सरकार ने सोमवार को दावा किया कि पहले राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाया जाता था. अब गैर-राजनीतिक आम लोग भी हिंसा और उत्पीड़न के शिकार हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि उत्तर 24 परगना की टाकी नगरपालिका में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक पूर्व जवान की पत्नी के कथित अपहरण और उनके साथ दुष्कर्म की कोशिश हुई. जवान की पत्नी जब थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने गयीं, तो उन्हें परेशान किया गया. अंतत: कोर्ट के आदेश के बाद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी. इसके साथ ही भाजपा प्रवक्ता ने बैरकपुर, नदिया के करीमपुर, बेलडांगा और दक्षिण 24 परगना के भांगड़ की कई घटनाओं का जिक्र किया और आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों का आचरण लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है. भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ राजनीतिक आधार पर देने या रोकने की धमकी देना पूरी तरह असंवैधानिक है. विधानसभा चुनाव के संदर्भ में उन्होंने बताया कि भाजपा एक जनमुखी संकल्प पत्र के लिए समाज के सभी वर्गों से सुझाव एकत्र कर रही है. देबजीत सरकार ने कहा कि सत्ता के अहंकार और प्रशासनिक प्रभाव का इस्तेमाल करके आम नागरिकों पर दबाव बनाने की कोशिश करने वालों खिलाफ जरूरत पड़ने पर कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तरों पर संघर्ष जारी रहेगा.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.