अपराधी को गिरफ्तार करने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर हमला

पुलिस की एक टीम चोपड़ा के ग्वालपोखर इलाके में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व पंचायत सदस्य मुजीबुर रहमान को गिरफ्तार करने गयी थी, जो शस्त्र अधिनियम के तहत कई मामलों में वांछित है.

कोलकाता. राज्य के उत्तर दिनाजपुर जिले में शनिवार को कई मामलों में वांछित एक शख्स को गिरफ्तार करने गये पुलिसकर्मियों की ग्रामीणों के साथ झड़प हुई, जिससे पुलिस के कुछ जवान घायल हो गये. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी. जानकारी के अनुसार, पुलिस की एक टीम चोपड़ा के ग्वालपोखर इलाके में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व पंचायत सदस्य मुजीबुर रहमान को गिरफ्तार करने गयी थी, जो शस्त्र अधिनियम के तहत कई मामलों में वांछित है. पुलिस के अनुसार ग्रामीणों के एक वर्ग ने मुजीबुर रहमान की गिरफ्तारी में बाधा डाली और कथित तौर पर रहमान को पुलिस की हिरासत से छुड़ाने की कोशिश की. इस झड़प में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गये. पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. तृणमूल विधायक हमीदुल रहमान ने आरोपी के निर्दोष होने का किया दावा: हालांकि, स्थानीय तृणमूल कांग्रेस विधायक हमीदुल रहमान ने दावा किया कि मुजीबुर रहमान निर्दोष हैं और उन्होंने पुलिस पर बिना वारंट के उन्हें हिरासत में लेने का प्रयास करने का आरोप लगाया. विधायक ने एक स्थानीय समाचार चैनल से कहा : कुछ स्थानीय लोगों ने मुझे बताया कि वह कभी अपराधी नहीं थे. वह पूर्व ग्राम पंचायत सदस्य थे. शनिवार को पुलिस अचानक उनके घर आयी और तोड़फोड़ करने लगी, जिसके कारण विवाद पैदा हुआ. भाजपा अध्यक्ष ने कानून व्यवस्था पर उठाये सवाल इस घटना को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने तृणमूल सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस अब एक मजाक बन गयी है. अक्षम, चाटुकार डीजी को लगता है कि फिल्मी डायलॉग कानून और व्यवस्था की रक्षा करेंगे. उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा में पुलिस ने तृणमूल विधायक के करीबी सहयोगी व अपराधी मुजीबुर रहमान को अवैध आग्नेयास्त्र मामले में गिरफ्तार करने की कोशिश की, लेकिन गुंडों ने पुलिस पर ही हमला कर दिया. उन्होंने कहा कि हर दिन, राज्य पुलिस पर सत्तारूढ़ पार्टी के गुंडों द्वारा हमला किया जाता है. पुलिस पर जानलेवा हमले बढ़ रहे हैं, फिर भी वरिष्ठ अधिकारी चुप बैठे हैं. कानून की रक्षा करने के बजाय अपने राजनीतिक आकाओं की सेवा कर रहे हैं. श्री मजूमदार ने राज्य डीजीपी से कहा : आप दिखावा कब बंद करेंगे और आखिरकार इस्तीफा कब देंगे?

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >