संवाददाता, कोलकाता
इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आइएसएफ) के विधायक नौशाद सिद्दीकी ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस के विधायक शौकत मोल्ला के खिलाफ बैंकशाल कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर किया है. नौशाद ने आरोप लगाया है कि शौकत मोल्ला ने उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाकर उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचायी है. नौशाद सिद्दीकी ने कहा कि शौकत मोल्ला ने विधानसभा में यह दावा किया था कि उन्होंने भाजपा से 30 करोड़ रुपये लिये हैं.
नौशाद के मुताबिक, तृणमूल विधायक ने उन्हें अपनी पार्टी में शामिल होने और बदले में मंत्री पद देने की पेशकश भी की थी, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया था. मीडिया से बात करते हुए नौशाद ने कहा, “शौकत मोल्ला ने मेरे खिलाफ झूठ फैलाया है कि मैंने भाजपा से 30 करोड़ रुपये लिये हैं. मैं उनकी भाषा में जवाब नहीं देना चाहता, इसलिए मैंने कानूनी रास्ता चुना है.” उन्होंने आगे कहा कि वह शौकत मोल्ला से कोर्ट के जरिए पूछना चाहते हैं कि उन्होंने पैसे कब और कहां से लिये और किस माध्यम से लिये. नौशाद ने जोर देकर कहा कि उन्हें कानून पर पूरा भरोसा है और शौकत मोल्ला को अपने आरोपों को अदालत में साबित करना होगा.
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके 42 दिन जेल में रहने के बाद जब वह तृणमूल के आगे नहीं झुके, तो वे सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने यह भी बताया कि उनके खिलाफ 19 झूठे मामले दर्ज किये गये हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
