अभिषेक बनर्जी ने टोक्यो में रासबिहारी बोस, राधाबिनोद पाल को श्रद्धांजलि दी

सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल अभिषेक

सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल अभिषेक कोलकाता/नयी दिल्ली. पाकिस्तान से उत्पन्न आतंकवाद पर भारत के विचारों को दुनिया के समक्ष रखने के लिए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के तहत जापान की राजधानी टोक्यो गये तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को स्वतंत्रता सेनानी रासबिहारी बोस और प्रख्यात भारतीय न्यायविद न्यायमूर्ति राधाबिनोद पाल को श्रद्धांजलि अर्पित की. पार्टी की ओर से बताया गया कि तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव ने टोक्यो में तामा कब्रिस्तान का दौरा किया और बोस को श्रद्धांजलि अर्पित की. भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में प्रमुख व्यक्ति रहे बोस गदर विद्रोह के मुख्य आयोजकों में से एक थे, जिन्होंने जापान में ‘इंडियन इंडिपेंडेंस लीग’ की स्थापना की थी. उन्होंने इंडियन नेशनल आर्मी (आइएनए) के गठन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी, जिसे आजाद हिंद फौज के नाम से भी जाना जाता है. सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में तृणमूल ने बोस को ‘‘राष्ट्रीय नायक और बंगाल के सबसे सम्मानित सपूतों में से एक’’ कहा. बनर्जी ने ‘यासुकुनी श्राइन’ पर न्यायमूर्ति राधाबिनोद पाल को समर्पित एक स्मारक पर पुष्पांजलि भी अर्पित की. पाल सुदूर पूर्व के लिए अंतरराष्ट्रीय सैन्य न्यायाधिकरण में नियुक्त तीन एशियाई न्यायाधीशों में से एक थे, जिसे द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान किये गये जापानी युद्ध अपराधों के ‘टोक्यो ट्रायल्स’ के रूप में भी जाना जाता है. वह एकमात्र न्यायाधीश थे, जिन्होंने फैसला सुनाते हुए इस बात पर जोर दिया कि सभी प्रतिवादी दोषी नहीं हैं. तृणमूल ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘सासंद अभिषेक बनर्जी ने टोक्यो में न्यायमूर्ति राधाबिनोद पाल की समाधि पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की, बंगाल से जुड़ी जड़ों को सम्मानित करते हुए उन्होंने ऐसी शख्सियतों को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने दुनिया भर में न्याय और नैतिक साहस को कायम रखा.’’ बनर्जी जापान, इंडोनेशिया, मलेशिया, कोरिया गणराज्य और सिंगापुर का दौरा करने वाले सांसदों के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANDIP TIWARI

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >