निगम ने संपत्ति कर बढ़ाने के दिये संकेत, आज हो सकता है फैसला

लगातार घाटे से जूझ रहे कोलकाता नगर निगम ने संपत्ति कर बढ़ाने की दिशा में गंभीरता से विचार शुरू कर दिया है. यदि सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार रहा, तो बुधवार को मेयर फिरहाद हकीम के नेतृत्व में निगम की एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है.

कोलकाता.

लगातार घाटे से जूझ रहे कोलकाता नगर निगम ने संपत्ति कर बढ़ाने की दिशा में गंभीरता से विचार शुरू कर दिया है. यदि सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार रहा, तो बुधवार को मेयर फिरहाद हकीम के नेतृत्व में निगम की एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है. बैठक में संपत्ति कर मूल्यांकन और राजस्व संग्रह (रेवेन्यू कलेक्शन) विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाया गया है.

सूत्रों के अनुसार, बैठक में मेयर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा करेंगे. इसके बाद टैक्स स्ट्रक्चर और कलेक्शन सिस्टम में बदलाव को लेकर अंतिम फैसला लिया जा सकता है. उल्लेखनीय है कि कर मूल्यांकन और राजस्व संग्रह दोनों ही विभाग फिलहाल मेयर की सीधी निगरानी में हैं और इन विभागों के मेयर परिषद सदस्य स्वयं फिरहाद हकीम हैं. उधर, निगम के कर मूल्यांकन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि प्रॉपर्टी टैक्स से होने वाली आय मौजूदा वित्तीय दबाव के मुकाबले काफी कम है, जबकि निगम पर खर्चों का बोझ लगातार बढ़ रहा है. अधिकारी के अनुसार, यह बैठक इसलिए बुलायी गयी है ताकि यह जांच की जा सके कि कर वसूली में कहां कमी है और किन इलाकों में अपेक्षा से कम टैक्स संग्रह हो रहा है. अधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि टैक्स कलेक्शन नहीं बढ़ाया गया, तो न केवल विकास कार्य प्रभावित होंगे, बल्कि निगम कर्मचारियों की बकाया ग्रेच्युटी और अन्य देनदारियों के भुगतान में भी गंभीर समस्या खड़ी हो सकती है.

घाटा कम करने की कवायद : गौरतलब है कि निगम के प्रॉपर्टी टैक्स असेसमेंट और रेवेन्यू कलेक्शन विभाग की कुल आठ यूनिट्स हैं. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, जोका यूनिट ने पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 15 प्रतिशत अधिक कर वसूला है, जबकि गार्डनरीच यूनिट में कर संग्रह करीब 16.5 प्रतिशत कम रहा है. इसके अलावा उत्तर और दक्षिण कोलकाता की कई यूनिट्स भी तय लक्ष्य के अनुरूप टैक्स वसूली नहीं कर पायी हैं.इन असमान आंकड़ों को देखते हुए रेवेन्यू विभाग के एक वर्ग का मानना है कि प्रॉपर्टी टैक्स के नए सिरे से असेसमेंट और कड़ी मॉनिटरिंग की आवश्यकता है, ताकि निगम की वित्तीय स्थिति को संभाला जा सके.

केएमसी का बजट छह को : मेयर फिरहाद हकीम छह फरवरी को कोलकाता नगर निगम (केएमसी) का बजट पेश करेंगे. इस दिन दोपहर 2.30 बजे निगम का बजट पेश होगा. निगम का यह बजट सत्र तीन दिवसीय होगा. इसके बाद नौ और 10 फरवरी सुबह 11 बजे से बजट पर चर्चा होगी. चर्चा सत्र में सत्ता व विपक्ष के पार्षदों को बोलने का मौका मिलेगा. बता दें कि दो फरवरी को विधानसभा में राज्य बजट पेश होगा. अंतिम दिन यानी 10 फरवरी को बजट पर मेयर अपनी प्रतिक्रिया देंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bijay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >