”मारवाड़ी” खुद एक ब्रांड, जिस पर देश को भरोसा : लोहिया

अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन ने जीडी बिरला सभागार में आयोजित की संगोष्ठी

कोलकाता. अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा रविवार को स्थानीय जीडी बिरला सभागार में राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार लोहिया की अध्यक्षता में एक संगोष्ठी आयोजित की गयी. विषय था ‘बदलते परिवेश में परिवार एवं व्यवसाय में सफलता के सूत्र’. कार्यक्रम के लिए विशेष रूप से आमंत्रित अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर डॉक्टर उज्जवल पाटनी ने भी लोगों को संबोधित किया. डॉ पाटनी के संबोधन से पहले सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार लोहिया ने अतिथियों का स्वागत करने के क्रम में मारवाड़ी समाज के अतीत और वर्तमान को लेकर कई बातें कहीं. उन्होंने कहा कि यह धारणा गलत है कि मारवाड़ी समाज के लोग सिर्फ व्यवसाय करते हैं. मारवाड़ियों ने 1857 एवं उसके बाद स्वतंत्रता संग्राम में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया था. मारवाड़ी हर क्षेत्र में सफलता का परचम लहरा रहे हैं. श्री लोहिया ने कहा कि मारवाड़ी की अपनी विशिष्ट पहचान है. देश के विभिन्न भागों में जाने से आपको मारवाड़ी भोजनालय, मारवाड़ी बासा, मारवाड़ी पुस्तकालय, मारवाड़ी विद्यालय आदि के बोर्ड लगे दिख जायेंगे, जो कि यह बताता है कि मारवाड़ी अपने आप में एक ब्रांड है, जिस पर पूरे देश को भरोसा है. राजनेताओं व समाजशास्त्रियों से बात करने पर पता चलता है कि राष्ट्र निर्माण में मारवाड़ी समाज का अवदान कैसा रहा है. मारवाड़ी समाज का यह अवदान अमूल्य है, जिसे हमारे पूर्वजों ने संस्कार और संस्कृति के साथ स्थापित किया है, उसे आगे बढ़ाया है. श्री लोहिया ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को इस बात का गर्व होना चाहिए कि हम ऐसे पूर्वजों की संतानें हैं. हमारी जिम्मेदारी है कि हम पूर्वजों द्वारा स्थापित पारिवारिक-सामाजिक मूल्यों एवं ब्रांड को आगे बढ़ाएं. समारोह के प्रधान अतिथि उद्योगपति सज्जन पटवारी ने अखिल सम्मेलन की सराहना करते हुए कहा कि संस्था विगत 90 वर्षों से समाज को जोड़ने का काम कर रही है. मुख्य वक्ता डॉ पाटनी ने सफलता के चार मुख्य स्रोत – परिवार, संस्कार, व्यवहार एवं सामाजिक सरोकार को बताया. उनके अनुसार व्यवसाय हो या व्यक्तिगत जीवन, दोनों में पारिवारिक संबंधा का माधुर्य महत्वपूर्ण है. राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश जैन में धन्यवाद ज्ञापन किया एवं राष्ट्रीय महामंत्री से कैलाशपति तोदी ने कार्यक्रम का संचालन किया. कार्यक्रम में सम्मेलन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नंदलाल रूंगटा, पद्मश्री प्रहलाद राय अग्रवाल संतोष सराफ, राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री संजय गोयनका, पवन जालान, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, आत्माराम सोंथालिया, नंद किशोर अग्रवाल, एन जी खेतान, पवन गोयनका, विश्वनाथ भुवालका, शिवकुमार फोगला, राजेंद्र खंडेलवाल, गिरधारीलाल गोयनका, अरुण गाड़ोदिया, सज्जन बेरीवाल, अमित मूंधडा, पवन बंसल, जुगल किशोर जाजोदिया एवं अन्य गण्मान्य व्यक्ति कार्यक्रम में उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ganesh mahto

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >