तीन दिवसीय दौरे पर कल कोलकाता आयेंगे शाह

विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का तीन दिवसीय बंगाल दौरा 29 दिसंबर की शाम से शुरू होगा. इस दौरे को भाजपा के चुनावी अभियान की अहम कड़ी माना जा रहा है.

कोलकाता.

विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का तीन दिवसीय बंगाल दौरा 29 दिसंबर की शाम से शुरू होगा. इस दौरे को भाजपा के चुनावी अभियान की अहम कड़ी माना जा रहा है. अपने प्रवास के दौरान गृह मंत्री पार्टी के शीर्ष स्थानीय नेताओं के साथ कई अहम बैठकों में हिस्सा लेंगे. 29 दिसंबर की रात बंगाल पहुंचते ही अमित शाह भाजपा के कोर ग्रुप के नेताओं के साथ बैठक करेंगे, जिसमें चुनावी रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों पर मंथन किया जायेगा.

अगले दिन यानी 30 दिसंबर को गृह मंत्री कोर ग्रुप के अलावा पार्टी के आम नेताओं के साथ भी बैठक करेंगे. इसी दिन वह कोलकाता में मीडिया से रूबरू होंगे और एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे. इसके साथ ही अमित शाह कोलकाता के प्रसिद्ध इस्कॉन मंदिर में दर्शन करने भी जायेंगे. 30 दिसंबर को ही गृह मंत्री राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कोलकाता स्थित कार्यालय का दौरा करेंगे. यहां वह संघ के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रसारकों के साथ बंगाल से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर लंबी मंत्रणा करेंगे.

अपनी तीन दिवसीय यात्रा के अंतिम दिन अमित शाह कोलकाता में भाजपा कार्यकर्ताओं के एक वृहद सम्मेलन को संबोधित करेंगे. इस सम्मेलन के जरिये वह राज्य के कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह भरने की कोशिश करेंगे. भाजपा सूत्रों के अनुसार, यह दौरा बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

कोलकाता के भाजपा नेताओं व बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं से भी मिलेंगे केंद्रीय गृह मंत्री

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में महानगर से पार्टी का खाता खोलने की कोशिशों के तहत बुधवार को कोलकाता नगर निगम के सभी 144 वार्डों के भाजपा नेताओं और बूथ-स्तरीय कार्यकर्ताओं से मिलेंगे. भाजपा के वरिष्ठ नेता के अनुसार, अमित शाह कोलकाता के 144 वार्डों के संगठनात्मक नेताओं सहित लगभग तीन हजार कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे. साल के आखिरी दिन, वह आधुनिक बंगाली थिएटर के अग्रणी गिरीश चंद्र घोष को श्रद्धांजलि देने और बागबाजार में सिस्टर निवेदिता के आवास का दौरा करने के बाद वार्ड स्तरीय नेताओं से मिलेंगे. भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शाह जैसे राष्ट्रीय नेताओं के लिए कलकत्ता में अपनी पैठ बनाना बहुत महत्वपूर्ण है, इसलिए 2026 में तृणमूल को हराने के अलावा, पार्टी के लिए कलकत्ता से कुछ सीटें जीतना महत्वपूर्ण है. पिछले साल के लोकसभा चुनावों में, भाजपा ने जोड़ासांको और श्यामपुकुर से क्रमशः 7,401 और 1,599 वोटों की बढ़त हासिल की थी. वह रासबिहारी, मानिकतला, काशीपुर-बेलगछिया और भवानीपुर विधानसभा सीटों में मात्र 1,691, 3,575, 7,268 और 8,297 वोटों से पीछे थी. भाजपा को अगले साल रासबिहारी और मानिकतला जीतने का भरोसा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bijay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >