पार्क स्ट्रीट के एक चर्चित रेस्तरां के कैशियर ने कैश बॉक्स से उड़ा लिये 2.53 लाख
आरोपी के कब्जे से 49 हजार 920 रुपये कैश व 1.53 लाख का आइफोन बरामद
संवाददाता, कोलकातापार्क स्ट्रीट स्थित एक प्रसिद्ध कैफे सह रेस्तरां में काम करने वाले 22 वर्षीय कर्मचारी चंचल भुइंया को पुलिस ने चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है. वह कैशियर का काम करता था. कई माह से चोरी की साजिश रच रहा था. विगत बुधवार देर रात को उसने कैफे का सीसीटीवी कैमरा कुछ देर के लिए बंद कर दिया. इसके बाद नकली चाबी की मदद से कैश बॉक्स से दो लाख 53 हजार रुपये चोरी कर लिये. आरोपी ने बताया कि उसने अपनी प्रेमिका के लिए लेटेस्ट मॉडल का आइफोन खरीदने के लिए चोरी की थी. कैफे के मैनेजर तनवीर रहमान ने गुरुवार को बालीगंज थाने में चोरी की शिकायत दर्ज करायी थी. दोपहर 2:25 बजे से रात 9:15 बजे के बीच कैफे के कैश बॉक्स से दो लाख 53 हजार रुपये चोरी हो गये. जांच में पुलिस को पता चला कि दुकान की बिजली गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे काट दी गयी थी. पुलिस को उस समय का सीसीटीवी फुटेज भी नहीं मिला. इसके बाद उन्हें संदेह हुआ. पुलिस ने कैफे के कर्मचारियों के फोन कॉल लॉग की निगरानी शुरू कर दी. पता चला कि उस समय एक कैफे कर्मचारी ने ऐप कैब कंपनी को फोन कर सेवा का अनुरोध किया था. इसके बाद जांचकर्ताओं ने उस कैब संगठन से बात की और कर्मचारी का पता लगाया. इसके तुरंत बाद पुलिस ने मोगराहाट में चंचल के घर की तलाशी ली और उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में चंचल ने अपना अपराध कबूल कर लिया. उसके घर से 49 हजार 920 रुपये बरामद भी हुए. पूछताछ में चंचल ने पुलिस को बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को उसका मनपसंद उपहार देकर खुश करना चाहता था. इसलिए उसने चोरी की साजिश रची. चोरी के रुपये से उसने गुरुवार को अपनी गर्लफ्रेंड को जन्म दिन पर उपहार देने के लिए एक लाख 53 हजार रुपये का आइफोन खरीदा था. पुलिस ने युवती के घर से आइफोन और उसका बिल जब्त कर लिया. आरोपी ने कैफे के कैश बॉक्स की नकली चाबी बनवा ली थी, जिसके वारदात को अंजाम दिया.गिरीश पार्क : चोरी करने का आरोपी हुआ गिरफ्तार
कोलकाता. गिरीश पार्क इलाके में स्थित एक घर से डेढ़ लाख रुपये के सोने और हीरे के आभूषण, नकदी और एक मोबाइल फोन चोरी करने के आरोप में पुलिस ने रोहित शेख नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है. उसे लालबाजार की बगलरी शाखा की टीम ने कटवा से गिरफ्तार किया है. यह घटना 18 मार्च को गिरीश पार्क इलाके के वाराणसी घोष लेन की है. इस घटना में पुलिस ने दो लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया है. अदालत ने शुक्रवार को गिरफ्तार किये गये रोहित शेख को 25 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
