Mamata Banerjee Poila Boishakh Message: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बंगाली नव वर्ष यानी ‘पोइला बोइशाख’ के पर राज्य की जनता को शुभकामनाएं दीं. साथ ही केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार भी किया. मुख्यमंत्री ने मतदाताओं से सीधे तौर पर अपील की कि वे अपनी लोकतांत्रिक शक्ति का इस्तेमाल कर ‘दिल्ली के जमींदारों’ के उन प्रयासों को विफल कर दें, जो लोगों के मतदान के अधिकार को छीनने की साजिश रच रहे हैं. ममता ने इसे बंगाल की अस्मिता और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई करार दिया है.
दाग-धब्बों से मुक्त हो लोगों का जीवन : ममता
बांग्ला नववर्ष पर सोशल मीडिया मंच एक्स (X) पर मुख्यमंत्री ने एक पोस्ट करके राज्य की खुशहाली की कामना की. उन्होंने बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सांप्रदायिक सद्भाव पर प्रकाश डाला. उन्होंने उम्मीद जतायी कि यह नया साल लोगों के जीवन को हर तरह के ‘दाग-धब्बों और बुराइयों’ से मुक्त करेगा. उन्होंने आगाह किया कि कुछ ‘दुर्भावनापूर्ण ताकतें’ बंगाल के पारंपरिक भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की पुरजोर कोशिश कर रही हैं.
इसे भी पढ़ें : 15 साल से मुख्यमंत्री फिर भी अपनी कार तक नहीं! 5 साल में और गरीब हुईं बंगाल की सीएम ममता बनर्जी
लोकतांत्रिक तरीके से देना होगा जवाब : मुख्यमंत्री
चुनावी माहौल के बीच ममता बनर्जी ने दिल्ली के जमींदारों (केंद्र सरकार और भाजपा नेतृत्व) को आड़े हाथों लिया. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र में बैठी सत्तावादी ताकतें बंगाल के लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला कर रही हैं. उन्होंने जनता से कहा- याद रखें, हमें लोकतांत्रिक तरीके से (वोट के जरिए) उन्हें मुंहतोड़ जवाब देना होगा. उन्होंने लोगों से ‘संकीर्ण सोच की दीवारों’ को तोड़ने और विभाजनकारी शक्तियों के खिलाफ एकजुट रहने का संकल्प लेने का आग्रह किया.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकतंत्र बचाने के लिए TMC को वोट देने की अपील
विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर ममता बनर्जी ने साफ तौर पर मतदाताओं से तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की. उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों को बरकरार रखने और बाहरी ताकतों के दमन से बचने के लिए टीएमसी को मजबूत करना ही एकमात्र रास्ता है. उन्होंने बंगाल को सांप्रदायिक सद्भाव का प्रतीक बताते हुए कहा कि राज्य की जनता कभी भी नफरत फैलाने वाली ताकतों को स्वीकार नहीं करेगी.
इसे भी पढ़ें : बंगाल में ममता का ‘चौका’ या भाजपा का ‘परिवर्तन’? 294 सीटों का पूरा गणित और 2 चरणों का चुनावी शेड्यूल, यहां जानें सब कुछ
Mamata Banerjee Poila Boishakh Message: तेज हुई स्थानीय बनाम बाहरी की बहस
पोइला बोइशाख के इस संदेश ने बंगाल के चुनावी समर में स्थानीय बनाम बाहरी की बहस को और तेज कर दिया है. ममता बनर्जी ने त्योहार के बहाने एक बार फिर बंगाली गौरव और लोकतांत्रिक अधिकारों का मुद्दा छेड़कर भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.
इसे भी पढ़ें
भवानीपुर में ममता बनर्जी vs शुभेंदु अधिकारी, जानें BJP का ’बूथ-दर-बूथ’ सोशल इंजीनियरिंग प्लान
