‘हिस्ट्रीशीटर’ रहा है मुख्य आरोपी मनोजीत मिश्रा

कोलकाता पुलिस ने सोमवार को कहा कि लॉ कॉलेज की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले का मुख्य आरोपी मनोजीत मिश्रा एक ‘हिस्ट्रीशीटर’ है.

अलग-अलग थानों में दर्ज हैं 11 मामले

संवाददाता, कोलकाता

कोलकाता पुलिस ने सोमवार को कहा कि लॉ कॉलेज की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले का मुख्य आरोपी मनोजीत मिश्रा एक ‘हिस्ट्रीशीटर’ है. उसके खिलाफ यौन उत्पीड़न और हिंसक अपराधों के कई मामले लंबित हैं. विभिन्न थानों में उसके खिलाफ 11 मामले दर्ज हैं.

पुलिस ने कहा कि मिश्रा का आपराधिक गतिविधियों से नाता सिर्फ ‘साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज’ तक ही सीमित नहीं है. उसे पहले भी परिसर के बाहर किये गये हिंसक अपराधों के लिए गिरफ्तार किया जा चुका है और उसके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है. कसबा, गरियाहाट, कालीघाट, टॉलीगंज और आनंदपुर थाने में उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं. मिश्रा 2013 में तब पुलिस की नजरों से ओझल हो गया था जब उसने साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज में दाखिला लिया तथा उसपर कालीघाट थानाक्षेत्र में चेतला ब्रिज पर एक युवक को चाकू मारने का आरोप लगा. उसे संस्थान से निकाल दिया गया.

एक पूर्व छात्र ने बताया कि तब तक वह तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद में शामिल हो चुका था और अपने संस्थान में उसका काफी प्रभाव था. पुलिस ने बताया कि मिश्रा 2017 में फिर से सामने आया, जब उसने कानून की पढ़ाई करने के लिए उसी कॉलेज में दोबारा दाखिला लिया और 2022 में पास होने तक वहां छात्र रहा. उसके कुछ सहपाठी और समकालिक छात्र उसे ‘हमेशा परेशानी खड़ी करने वाला’ बताते हैं, जो कॉलेज परिसर में टीएमसीपी द्वारा संचालित यूनियन कार्यालय के अंदर मामूली बातों पर लड़कियों को परेशान करता था. वास्तव में, छात्राओं द्वारा अतीत में की गयी आधिकारिक शिकायतों से पता चलता है कि मिश्रा का लगातार कई वर्षों तक यौन आक्रामकता वाला व्यवहार रहा. उसके हमलों से निराश लोगों का आरोप है कि उसे पूरे समय व्यवस्थित संरक्षण मिला, जिससे उसे निडर होकर अपने अपराध करने का साहस मिला.

एक पूर्व छात्र ने आरोप लगाया कि 2018 में छेड़छाड़ और धमकी का आरोप लगाते हुए दो छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन के समक्ष मिश्रा के खिलाफ शिकायत और गरियाहाट थाने में एक प्राथमिकी दर्ज करायी थी.

सहपाठी ने बताया कि मुख्य आरोपी, दोस्तों के बीच मैंगो के नाम से जाना जाता है, वह लड़कियों को यूनियन रूम में बुलाता था, वहां शराब पीता था और उसे कई बार चेतावनी भी दी गयी थी. उन्होंने कहा: हमने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन उसकी गुंडागर्दी जारी रही.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >