कोलकाता.
विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने हाल में नयी राज्य समिति की घोषणा के 15 दिनों के भीतर मंगलवार को प्रदेश इकाई के नये मोर्चा प्रमुखों के नामों की भी घोषणा कर दी. इनमें दो मौजूदा लोकसभा सांसद भी हैं, जिन्हें अलग-अलग मोर्चा की जिम्मेदारी दी गयी है. प्रदेश भाजपा की ओर से जारी सूची के अनुसार, बांकुड़ा जिले की विष्णुपुर सीट से दो बार के लोकसभा सांसद सौमित्र खां को पार्टी के युवा मोर्चा यानी भाजयुमो का राज्य प्रमुख बनाया गया है. वहीं, पुरुलिया से दो बार के सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो को पार्टी के एससी मोर्चा का प्रमुख बनाया गया है. हुगली से पूर्व लोकसभा सांसद लॉकेट चटर्जी को प्रदेश महिला मोर्चा की जिम्मेदारी दी गयी है. इसके अलावा, बापी गोस्वामी को किसान मोर्चा, अजित दास को ओबीसी मोर्चा, खुदीराम टुडू को एसटी मोर्चा और अमिताभ राय को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है. इस घोषणा के साथ ही राज्य में पार्टी नेतृत्व और उसके विभिन्न मोर्चों का लंबे समय से चल रहा पुनर्गठन का कार्य पूरा हो गया है. पिछले साल जुलाई में शमिक भट्टाचार्य को भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना गया था. उन्होंने शिक्षा राज्यमंत्री सुकांत मजूमदार का स्थान लिया था. इससे पहले, इस महीने की शुरुआत में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बंगाल में अपनी नयी 35 सदस्यीय राज्य समिति की भी घोषणा की थी. इसमें 12 उपाध्यक्ष, पांच महासचिव, 12 सचिव, एक कोषाध्यक्ष, दो संयुक्त कोषाध्यक्ष, एक कार्यालय सचिव और एक संयुक्त कार्यालय सचिव शामिल हैं. 12 उपाध्यक्षों में बड़े नामों में पूर्व लोकसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री निशीथ प्रमाणिक, फैशन डिजाइनर से नेता बनीं विधायक अग्निमित्रा पाॅल, सांसद मनोज तिग्गा, विधायक दीपक बर्मन और पत्रकार से नेता बने जगन्नाथ चट्टोपाध्याय शामिल हैं. वहीं, नये पांच महासचिवों में सौमित्र खां, ज्योतिर्मय सिंह महतो और लाकेट चटर्जी जैसे नाम हैं.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
