ज्वेलरी शॉप में लूट गहने व नकदी उड़ाये

अपराध. दस ताले तोड़कर वारदात को दिया अंजाम

सीसीटीवी क्षतिग्रस्त कर हार्ड डिस्क भी ले गये बदमाश

हावड़ा. सोमवार देर रात हावड़ा के निश्चिंदा थाना इलाके में एक ज्वेलरी शॉप में बड़ी लूट की घटना सामने आयी है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक बदमाशों ने दुकान के शटर तक पहुंचने के लिए करीब दस ताले तोड़े और अंदर से सोने-चांदी के गहने व नकद मिलाकर लगभग सात लाख रुपये की संपत्ति लूटकर फरार हो गये.

सीसीटीवी निष्क्रिय कर की गयी वारदात

लूट से पहले बदमाशों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया. कैमरे क्षतिग्रस्त होने के कारण बदमाशों की तस्वीरें रिकॉर्ड नहीं हो सकीं. पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने न केवल दुकान के भीतर बल्कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी बंद कर दिया था. कई कैमरों के तार काट दिये गये थे. इसके बाद सीसीटीवी का हार्ड डिस्क निकालकर बदमाश मौके से ले गये.

सुबह शटर खुलते ही सामने आया मंजर

मंगलवार सुबह जब दुकान मालिक ने शटर खोला तो अंदर का नजारा देखकर वह दंग रह गये. दुकान के भीतर लॉकर्स के ताले टूटे पड़े थे और ज्वेलरी के डिब्बे खाली हालत में बिखरे हुए थे. तुरंत निश्चिंदा थाने को सूचना दी गयी. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

इलाके में दहशत, पहले से रेकी का शक

स्थानीय लोगों के अनुसार बदमाशों ने वारदात से पहले इलाके के कई घरों के मुख्य दरवाजों को रस्सी से बांध दिया था, ताकि कोई बाहर न निकल सके. इसके बाद आराम से लूट को अंजाम दिया गया. घटना को देखते हुए स्थानीय लोगों और व्यापारियों को आशंका है कि बदमाशों ने कई दिनों तक इलाके की रेकी की थी और उन्हें पहले से पता था कि कहां-कहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं.

लगातार हो रही चोरियों से व्यापारी नाराज

इलाके के सोना व्यापारियों का आरोप है कि पिछले डेढ़ से दो महीनों में निश्चिंदा इलाके की कई ज्वेलरी दुकानों में इसी तरह की चोरियां हो चुकी हैं. दुकानदारों ने संयुक्त रूप से थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज करायी है. इसके बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए व्यापारी दहशत और असुरक्षा के माहौल की बात कह रहे हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GANESH MAHTO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >