जादवपुर विश्वविद्यालय (Jadavpur University) कैंपस में 20 अगस्त को हुई हिंसक झड़प और तोड़फोड़ की जांच प्रक्रिया जल्द शुरू होगी. विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से बनी जांच कमेटी इस सप्ताह अपनी पहली औपचारिक बैठक कर सकती है. हालांकि, यह बैठक विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति प्रो चिरंजीव भट्टाचार्य के काम पर लौटने के बाद ही होगी.
कुलपति के घुटने में लगी है चोट
विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने बताया है कि सोमवार को जादवपुर यूनिवर्सिटी कैंपस में हुई हिंसक झड़प के बाद रात में उन्होंने सभी पक्षों से अलग-अलग बैठक की थी. बैठक से लौटते समय कार्यवाहक कुलपति प्रो चिरंजीव भट्टाचार्य ठोकर लगने से गिर गये थे. उनके घुटने में गंभीर चोट आयी है. डॉक्टरों ने उन्हें 3 दिन तक विश्राम की सलाह दी है. जादवपुर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (JUTA) के अनुसार, उनके गुरुवार या शुक्रवार तक कैंपस में लौटने की संभावना है.
छात्र संगठनों को भी कुलपति के लौटने का इंतजार
कुलपति के लौटने का इंतजार वामपंथी छात्र संगठन (SFI, RSF, AIDSO और FETSU) भी कर रहे हैं. SFI नेता अंजिल दास ने बताया कि छात्र संगठन जांच समिति के गठन का स्वागत करते हैं और बैठक के दिन समिति को अपना ज्ञापन सौंपेंगे. यूनिवर्सिटी के छात्रों ने हिंसा व तोड़फोड़ के लिए जिम्मेदार अधिकारियों व सुरक्षाकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने यह भी मांग की है कि जांच पूरी होने तक संदिग्धों के परिसर में प्रवेश पर रोक लगायी जाये, ताकि प्रक्रिया प्रभावित न हो.
ये भी पढ़ें: जादवपुर हिंसा की जांच के लिए बनी समिति के प्रमुख प्रो शुभ शंकर सरकार का इस्तीफा, कहा- नहीं हो सकती निष्पक्ष जांच
कोलकाता पुलिस की टीम ने जुटाये CCTV फुटेज
मामले की समानांतर जांच कर रही कोलकाता पुलिस की टीम मंगलवार को विश्वविद्यालय परिसर पहुंची और हिंसा के दिन के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज जब्त कर अपनी जांच आगे बढ़ायी.
ये भी पढ़ें: जादवपुर यूनिवर्सिटी हिंसा : कैंपस में तोड़फोड़, आगजनी और मारपीट मामले में दर्ज हुई FIR
घटनाक्रम : FETSU की बैठक के अगले दिन हुई हिंसा
- जादवपुर विश्वविद्यालय में 19 अगस्त की शाम को इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय छात्र संघ (FETSU) की आम बैठक बुलायी गयी थी.
- 20 अगस्त की सुबह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और वामपंथी छात्र समूहों के बीच हिंसक झड़प हो गयी. इसमें दोनों पक्षों के कई छात्र घायल हुए.
- 20 अगस्त को ही दोपहर में एसएफआई और एबीवीपी समर्थकों ने कैंपस में दाखिल होने की कोशिश की और पुलिस से भिड़ गये.
- हिंसक झड़प के दौरान यूनिवर्सिटी के गेट नंबर-4 के प्रतीक चिह्न (Emblem) को नुकसान पहुंचाया गया.
