मध्यमग्राम में बदमाशों का तांडव क्लब में घुसकर की फायरिंग
उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम थाना क्षेत्र के कोड़ा आदर्श पल्ली इलाके में शुक्रवार रात बाइक से आये कुछ बदमाशों ने किशोर संघ क्लब में घुसकर तांडव मचाया और कई राउंड फायरिंग की.
By AKHILESH KUMAR SINGH | Updated at :
मध्यमग्राम में बदमाशों का तांडव क्लब में घुसकर की फायरिंग
बाइक से आये हमलावरों ने पांच राउंड चलायीं गोलियां
संवाददाता, बारासात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम थाना क्षेत्र के कोड़ा आदर्श पल्ली इलाके में शुक्रवार रात बाइक से आये कुछ बदमाशों ने किशोर संघ क्लब में घुसकर तांडव मचाया और कई राउंड फायरिंग की. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गयी. हालांकि फायरिंग में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. स्थिति को देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने घटनास्थल से तीन कारतूस के खोल बरामद किये हैं. घटना में हमलावरों के साथ संलिप्तता के आरोप में स्थानीय युवक सायन पात्र के घर पर गुस्साये लोगों ने ईंट-पत्थर फेंके, जिससे घर की खिड़कियां टूट गयीं. इस दौरान सायन के पिता भी घायल हो गये. जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है. चार से पांच बदमाश बाइक से इलाके में पहुंचे, जिनमें से दो के हाथों में हथियार थे. बदमाश क्लब में घुस गये और वहां मौजूद लोगों को हथियार के बल पर धमकाया. इसके बाद उन्होंने फायरिंग की और मौके से फरार हो गये. स्थानीय आलोक पोद्दार ने बताया कि घटना के समय क्लब में तीन से चार लोग मौजूद थे. क्लब से जुड़े एक व्यक्ति ने बताया कि होली के दिन इलाके में एक विवाद हुआ था और उसी का बदला लेने के लिए कुछ लोग आकर यह घटना कर गये. फायरिंग की घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने इसके पीछे सायन पात्र और उसके साथियों का हाथ होने का आरोप लगाया. गुस्साये लोगों ने सायन के घर पर पथराव किया. सूचना मिलने पर पुलिस की एक बड़ी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया. बताया जा रहा है कि मध्यमग्राम नगरपालिका के वार्ड-14 में होली के दिन एक विवाद हुआ था. उस दिन सायन पात्र के घर उसके कुछ दोस्त रंग खेलने आये थे. आरोप है कि रंग खेलने के बाद वे लोग शराब के नशे में इलाके में उत्पात मचा रहे थे. इसका क्लब के सदस्यों ने विरोध किया था. बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया था. स्थानीय लोगों का मानना है कि उसी विवाद का बदला लेने के लिए कुछ लोग क्लब में घुसकर फायरिंग की. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पुरानी घटना का जिक्र करते हुए धमकाया भी था. हालांकि सायन के परिजनों का कहना है कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है.
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
बारासात पुलिस जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्बार बंद्योपाध्याय ने बताया कि फायरिंग मामले में आरोपियों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. इस घटना में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है. फायरिंग पुरानी रंजिश के कारण हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसकी जांच की जा रही है. प्राथमिक तौर पर आशंका जतायी जा रही है कि होली के दिन हुए विवाद के कारण ही यह फायरिंग कर इलाके में डर का माहौल बनाने की कोशिश की गयी है. सायन पात्र फिलहाल फरार बताया जा रहा है.