मालदा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मालदा जिले में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में कहा कि एक समय था, जब देशवासी अन्य देशों में विकास देखकर यह सपना देखते थे कि काश भारत में भी ऐसी आधुनिक ट्रेनें चलें. आज वह सपना साकार हो चुका है. प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने न केवल अपनी परिवहन सुविधाओं को आधुनिक बनाया है, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में भी बड़ी सफलता हासिल की है. उन्होंने दावा किया कि आज भारत, अमेरिका और यूरोप से अधिक रेल डिब्बों का निर्माण कर रहा है. भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और आत्मनिर्भर बनने पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत में बने इंजन, डिब्बे और मेट्रो ट्रेनें अब देश की पहचान बन रही हैं. अब लंबी दूरी की यात्रा होगी और आसान : उन्होंने बताया कि भारत दुनिया के कई देशों को यात्री और मेट्रो ट्रेनों के लिए डिब्बों का निर्यात कर रहा है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है. प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है और दूरियों को कम करना उसका मिशन है. इसी दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन ने अपनी यात्रा शुरू की है, जो लंबी दूरी की यात्रा को और आसान और सुविधाजनक बनायेगी. बंगाल के विकास में जुड़ेगा नया अध्याय उन्होंने कहा कि अमृत भारत ट्रेनें बंगाल और पूर्वी भारत आने वाले यात्रियों, गंगासागर, दक्षिणेश्वर और कालीघाट जाने वाले श्रद्धालुओं व तमिलनाडु और महाराष्ट्र जैसे राज्यों की यात्रा करने वालों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होंगी. प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल के लोगों को इन सभी परियोजनाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये राज्य के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेंगी. प्रधानमंत्री मोदी ने की बेलडांगा हिंसा के दौरान महिला पत्रकार पर हमले की निंदा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में हाल में हिंसा के दौरान एक महिला पत्रकार पर हुए कथित हमले की निंदा की और राज्य में भय और धमकी के माहौल को समाप्त करने के लिए महिलाओं और युवाओं से आगे आने की अपील की. झारखंड में एक प्रवासी मजदूर की मौत के बाद बेलडांगा में पैदा हुई अशांति का जिक्र करते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पत्रकार और आम नागरिक असुरक्षित हैं. पीएम मोदी ने यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा : हमने देखा कि तृणमूल के गुंडों ने एक महिला पत्रकार के साथ कैसा दुर्व्यवहार किया. तृणमूल शासन में बेटियां स्कूलों और विश्वविद्यालयों में भी सुरक्षित नहीं हैं. पीड़ितों को बार-बार अदालतों का सहारा लेना पड़ता है. उन्होंने कहा : यह बदलना ही होगा. और यह बदलाव आपके एक वोट से ही आयेगा. कमल को दिया गया आपका एक वोट बंगाल की खोयी हुई शान को वापस लायेगा. तृणमूल की गुंडागर्दी के दिन अब गिने-चुने हैं. उनकी भय की राजनीति का अंत होगा. मालदा टाउन स्टेशन पर यात्रियों से मिले पीएम : प्रधानमंत्री ने मालदा टाउन स्टेशन पर कुछ यात्रियों से भी बातचीत की. उन्होंने कहा कि नयी वंदे भारत ट्रेन को लेकर लोगों में उत्साह है. उन्होंने कहा कि अब विदेशी नागरिक भी भारत की मेट्रो और ट्रेनों के वीडियो बनाकर दुनिया को दिखा रहे हैं कि देश में रेल यात्रा में किस तरह की क्रांति आ रही है. देशभर में चल रहीं 150 से ज्यादा वंदे भारत ट्रेनें : प्रधानमंत्री ने कहा कि निकट भविष्य में आधुनिक वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें पूरे देश में चलेंगी और भारतीय रेलवे का व्यापक पुनरुद्धार हो रहा है. इसमें रेल लाइनों का विद्युतीकरण और स्टेशनों का आधुनिकीकरण शामिल है. उन्होंने बताया कि तेज गति वालीं आधुनिक ट्रेनों का एक नेटवर्क भी तैयार किया जा रहा है. चार रेल परियोजनाओं की रखी आधारशिलाप्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि नयी परियोजनाएं लंबी दूरी की सस्ती और विश्वसनीय रेल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देंगी. समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने राज्य में चार प्रमुख रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी. इनमें बालुरघाट से हिली तक नयी रेल लाइन, न्यू जलपाईगुड़ी में आधुनिक माल ढुलाई केंद्र, सिलीगुड़ी लोको शेड का उन्नयन और जलपाईगुड़ी जिले में वंदे भारत ट्रेन रखरखाव इकाई के आधुनिकीकरण से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं. भारत जल्द वंदे भारत ट्रेन का करेगा निर्यात : रेल मंत्रीइस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत जल्द ही वंदे भारत ट्रेन का निर्यात करेगा. उन्होंने बताया कि यात्रियों की पसंद को ध्यान में रखते हुए कोलकाता से चलने वाली वंदे भारत ट्रेन में बंगाली व्यंजन और गुवाहाटी से चलने वाली ट्रेन में असमिया भोजन परोसा जायेगा. औद्योगिकीकरण तृणमूल के शासन में संभव नहीं : शमिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में मालदा की जनसभा से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्य सरकार की कड़ी आलोचना की. उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में बंगाल में औद्योगिकीकरण संभव नहीं है. भाजपा के सत्ता में आने के बाद यहां उद्योगों का विकास होगा. शमिक भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि उत्तर बंगाल को वंचित किये जाने का जो नारा दिया जाता है, उसी नारे के नाम पर यहां के आम लोगों को असली विकास से दूर रखा गया है. उन्होंने इस उपेक्षा की राजनीति को बंद करने की बात कहते हुए स्थानीय भावनाओं और भूमिपुत्रों को महत्व देने पर जोर दिया. उन्होंने कहा, हमें अपने घर के बेटे को घर वापस लाना होगा. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बयान प्रवासी मजदूरों की समस्याओं की ओर इशारा करता है.राज्य में उद्योगों की कमी और रोजगार के अभाव पर सवाल उठाते हुए शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल में तत्काल औद्योगिकीकरण की जरूरत है. राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति में बदलाव का संकेत देते हुए उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा, अब बस कुछ महीनों का इंतजार है. उनके इस बयान को आगामी चुनावों के मद्देनजर राज्य में राजनीतिक बदलाव का संकेत माना जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
