तीन वर्ष में काम पूरा होने की उम्मीद
हावड़ा. दक्षिण पूर्व रेलवे के अंतर्गत हावड़ा स्टेशन (न्यू कॉम्प्लेक्स) में दिन-प्रतिदिन ट्रेनों की संख्या के साथ-साथ यात्रियों की संख्या बढ़ती जा रही है. न्यू कॉम्प्लेक्स में हो रही भीड़ को कम करने के लिए दपूरे सांतरागाछी स्टेशन को विकसित कर रहा है. यात्रियों को सभी सुविधाएं प्रदान करने के लिए स्टेशन को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने का काम जारी है.
इस बीच दपूरे कई दूरगामी ट्रेनों को हावड़ा स्टेशन की बजाय सांतरागाछी स्टेशन से रवाना कर रही है, लेकिन कोलकाता व अन्य जिलों से आने वाले यात्रियों को सांतरागाछी स्टेशन पहुंचने में भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है. कोना एक्सप्रेस वे पर ट्रैफिक जाम रोजाना की बात हो गयी है. इसलिए यात्रियों की सुविधा के लिए अब एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, कॉरिडोर बनाने का काम तेज गति से शुरू हो चुका है. एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने का जिम्मा रेल विकास निगम लिमिटेड को मिला है. अगले तीन वर्षों के अंदर काम पूरा होने की संभावना जतायी जा रही है. सोमवार को एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण का एक प्रारूप भी जारी किया गया है. बताया जा रहा है कि कोलकाता से सेंकेंड हुगली ब्रिज के टोल प्लाजा से होते हुए फुटबॉल गेट से गरफा खेजुरतला तक सात किलोमीटर लंबा यह एलिवेटड कॉरिडोर छह लेन का होगा. इस कॉरिडोर का एक मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 16 और दूसरा मार्ग सांतरागाछी स्टेशन तक जायेगा.
क्या है एलिवेटड कॉरिडोर : एलिवेटेड कॉरिडोर जमीन से ऊपर बनाया गया मार्ग होता है. इसका निर्माण यातायात में होने वाली भीड़ को कम करने के लिए किया जाता है. एलिवेटेड कॉरिडोर को एलिवेटेड हाईवे भी कहा जाता है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
