स्नान यात्रा के दौरान शीतला माता की एक झलक पाने को उमड़े श्रद्धालु

वह पालकी पर सवार होकर बांधाघाट स्नान के लिए निकलीं और अपनी बहनों से मिलकर रात को मंदिर लौटीं.

हावड़ा. उत्तर हावड़ा के सलकिया में शीतला मां (बड़ी मां) की पारंपरिक स्नान यात्रा माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार को धूमधाम से संपन्न हुई. इस स्नान यात्रा में हमेशा की तरह श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा. सलकिया इलाके की सभी सड़कें श्रद्धालुओं से भर गयीं. सड़कों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी. दोपहर ‘बड़ी मां’ की भव्य शोभायात्रा मंदिर से निकाली गयी. वह पालकी पर सवार होकर बांधाघाट स्नान के लिए निकलीं और अपनी बहनों से मिलकर रात को मंदिर लौटीं. जानकारी के अनुसार, माघ पूर्णिमा के 24 वें दिन ऐतिहासिक शीतला माता की स्नान यात्रा निकाली जाती है. इसी क्रम में रविवार दोपहर को मां की प्रतिमा सलकिया के श्री अरविंद रोड स्थित मंदिर से निकली. मां की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं में उत्सुकता थी. श्री अरविंद रोड, बांधाघाट, सलकिया चौरास्ता, बनारस रोड, बाबूडांगा, फूलतला, मुर्गीहट्टा सहित सलकिया के अन्य इलाकों में श्रद्धालुओं की खचाखच भीड़ उमड़ी थी. मां की पालकी को फूलों से सजाया गया था. नये वस्त्र में श्रद्धालु ढोल और नगाड़े बजाते हुए पहुंचे थे. मंदिर से पालकी निकलते ही श्रद्धालु मां के स्वागत में फूलों की बारिश करते देखे गये. मां की पालकी को छूने के लिए कई श्रद्धालुओं में होड़ मची थी. मंदिर से मां की झांकी निकाले जाने के बाद वह बांधाघाट पहुंचीं. वहां मां को पावन स्नान कराया गया. तत्पश्चात परिक्रमा करते हुए बड़ी शीतला मां की पालकी मुर्गीहट्टा पहुंची, जहां उन्होंने अपनी छोटी बहन से मंदिर में मुलाकात कीं. मंदिर वापस लौटने के पश्चात मां का विधिवत श्रृंगार किया गया.

480 साल से चली आ रही है शीतला मां की स्नान यात्रा की यह परंपरा

जानकारी के अनुसार, शीतला मां की स्नान यात्रा 480 साल पुरानी है. मान्यता है कि माघ पूर्णिमा के बाद मौसम में आने वाले बदलाव के कारण चेचक रोग से बचाये रखने के लिए माघ पूर्णिमा के ही दिन स्नान यात्रा आयोजित होती है. दोपहर 12 बजे से बाली से फांसीतला मोड़, जीटी रोड, गिरिश घोष रोड और सलकिया स्कूल रोड तक पूरे दिन यातायात बंद रखा गया. स्नान यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हो, इसके लिए पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये थे. चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती थी. 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की मदद से स्नान यात्रा पर निगरानी रखी गयी. सिटी पुलिस के सीनियर अधिकारियों को खुद मोर्चा संभालते हुए देखा गया. खबर लिखे जाने तक स्नान यात्रा में अप्रिय घटना की खबर नहीं है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ganesh mahto

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >