कफ सिरप तस्करी का मास्टरमाइंड कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार

विदेश भागने के फिराक में था आरोपी

विदेश भागने के फिराक में था आरोपी कोलकाता. उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में कफ सिरप की अवैध तस्करी का मास्टरमाइंड भोला प्रसाद जायसवाल को पुलिस ने कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है. आरोपी, जो ड्रग माफिया शुभम जायसवाल का पिता है, विदेश भागने की तैयारी में था. सोनभद्र पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में ड्रग माफियाओं और कफ सिरप तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय और क्षेत्राधिकारी नगर की टीम ने भोला प्रसाद जायसवाल को कोलकाता से गिरफ्तार किया. सोनभद्र पुलिस, एसआइटी और एसओजी की संयुक्त टीम के लिए यह बड़ी सफलता मानी जा रही है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कोलकाता में ट्रांजिट रिमांड के लिए कोर्ट में आवेदन किया है. अनुमति मिलने के बाद उसे सोनभद्र लाकर ट्रांजिट रिमांड पर रखा जायेगा. बता दें कि 18 अक्तूबर को सोनभद्र में चेकिंग के दौरान दो कंटेनरों से कफ सिरप की कुल 1,19,675 शीशियां बरामद की गयी थीं. इसके अलावा, आरोपी बृज मोहन और शिवहरि की सूचना पर सोनभद्र पुलिस ने गाजियाबाद में संयुक्त कार्रवाई कर चार ट्रकों से भारी मात्रा में कफ सिरप और 20 लाख रुपये नकद बरामद किये थे. जांच में सामने आया कि भोला प्रसाद जायसवाल अलग-अलग जिलों में कफ सिरप का अवैध वितरण कर रहा था. उसने मेसर्स शैली ट्रेडर्स, रांची (झारखंड) के नाम से बिलिंग कर बड़ी मात्रा में कफ सिरप अवैध रूप से खपायी. एसआइटी जांच में जनपद भदोही, चंदौली, वाराणसी और सोनभद्र में लगभग 25 करोड़ रुपये के फर्जी लेन-देन का खुलासा हुआ. इनमें से अधिकांश फर्में फर्जी और अस्तित्वहीन पाई गयीं. संलिप्त खातों को फ्रीज करा दिया गया. ड्रग इंस्पेक्टर राजेश मौर्य ने थाना रॉबर्ट्सगंज में भारतीय दंड संहिता की धारा 27(ए) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया. जांच में यह भी सामने आया कि ग्राम बरकरा की फर्जी फर्म मां कृपा मेडिकल और मेसर्स शिवक्षा प्राइवेट लिमिटेड ने एक मई 2024 से 23 अगस्त 2025 के बीच फेंसिडिल सिरप की 7,53,000 शीशियां अवैध रूप से काले बाजार में बेच दी थीं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sandip tiwari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >