चुनाव आयोग की भूमिका पर अर्जुन सिंह ने उठाये सवाल

राज्य में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) प्रक्रिया की सुनवाई के दौरान विभिन्न जिलों में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं. सुनवाई केंद्रों, प्रशासनिक भवनों और ब्लॉक समष्टि विकास कार्यालयों में फॉर्म-7 जमा करने को लेकर लगातार विवाद की स्थिति देखी जा रही है.

बैरकपुर

. राज्य में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) प्रक्रिया की सुनवाई के दौरान विभिन्न जिलों में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं. सुनवाई केंद्रों, प्रशासनिक भवनों और ब्लॉक समष्टि विकास कार्यालयों में फॉर्म-7 जमा करने को लेकर लगातार विवाद की स्थिति देखी जा रही है. इसी पृष्ठभूमि में बैरकपुर के पूर्व सांसद व भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने चुनाव आयोग की भूमिका पर नाराजगी जताते हुए गंभीर सवाल खड़े किये हैं. जगदल में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए अर्जुन सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग जिस तरीके से काम कर रहा है, उससे निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव को लेकर संदेह बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि केवल एक-दो जिलाधिकारी या उप-जिलाधिकारी को निलंबित कर देने से व्यवस्था में सुधार नहीं होगा. चुनाव आयोग को अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों का ईमानदारी और सख्ती के साथ निर्वहन करना होगा.

अर्जुन सिंह ने कहा कि यदि चुनाव आयोग मूकदर्शक बना रहा, तो राज्य में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना बेहद मुश्किल हो जायेगा. उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय से जुड़ीं हालिया घटनाओं का भी जिक्र करते हुए दावा किया कि मौजूदा हालात बरकरार रहने पर प्रत्येक बूथ पर केंद्रीय बलों को राज्य पुलिस और तृणमूल कांग्रेस से जुड़े असामाजिक तत्वों की ओर से निशाना बनाये जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने चुनाव आयोग से तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित करने और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की मांग की.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BIJAY KUMAR

BIJAY KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >