गिरीश पार्क : मोदी की सभा से पहले भाजपा व तृणमूल समर्थकों में झड़प

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शनिवार को बिग्रेड परेड मैदान में बड़ी जनसभा से पहले मध्य कोलकाता के गिरीश पार्क इलाके में भाजपा और तृणमूल समर्थकों में भिड़ंत हो गयी.

भाजपा कार्यकर्ताओं की बस को रोककर की गयी तोड़फोड़ चालक को बुरी तरह से पीटा गया

मंत्री शशि पांजा के आवास में तोड़फोड़, कई कारों और बाइक को किया क्षतिग्रस्त

मंत्री शशि पांजा ने कहा- हमले में मैं भी हुई जख्मी

संवाददाता, कोलकाताप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शनिवार को बिग्रेड परेड मैदान में बड़ी जनसभा से पहले मध्य कोलकाता के गिरीश पार्क इलाके में भाजपा और तृणमूल समर्थकों में भिड़ंत हो गयी. जहां एक तरफ तृणमूल की ओर से भाजपा कार्यकर्ताओं पर राज्य की महिला और समाज कल्याण मंत्री शशि पांजा के घर पर पथराव करने का आरोप लगाया गया है, वहीं भाजपा की ओर से कहा गया है कि तृणमूल समर्थकों ने ब्रिगेड जा रही बस पर पत्थर फेंके. घटना को लेकर गिरीश पार्क का इलाका शनिवार को लगभग तीन घंटे तक अशांत रहा. स्थिति को नियंत्रण से बाहर जाते देख बड़ी संख्या में रैफ जवानों की तैनाती की गयी. जिसके बाद स्थिति को सामान्य किया गया. एक बस में तोड़फोड़ कर उसके चालक के साथ मारपीट की गयी. कुछ निजी गाड़ियों के साथ बाइक को भी नुकसान पहुंचाया गया. पथराव में बऊबाजार थाने के ओसी बाप्पादित्य नस्कर के कंधे पर चोट लग गयी. घटना में कई लोग जख्मी हो गये.

घटनास्थल पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि इलाके में लगाये गये पार्टी के पोस्टर एवं बैनर को कुछ लोग फाड़ रहे थे. गिरीश पार्क इलाके में मोदी गो बैक लिखे पोस्टर कई जगहों पर लगाये गये थे. इसे लेकर सुबह से इलाके में तनाव की स्थिति थी. सुबह 11.30 बजे के करीब एक बस में भाजपा कार्यकर्ता ब्रिगेड रैली के लिए जा रहे थे. उस बस को देखकर कुछ तृणमूल समर्थकों ने कथित तौर पर मोदी गो बैक के नारे लगाये. आरोप है कि कुछ तृणमूल कार्यकर्ताओं ने गिरीश पार्क में मंत्री शशि पांजा के घर के आसपास उक्त बस को लक्ष्य कर पत्थर फेंके. जिससे तनाव व्याप्त हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों की तरफ से एक दूसरे पर पथराव शुरू हो गया.

तृणमूल की तरफ से आरोप लगाया गया है कि भाजपा समर्थकों से भरी बस जब मंत्री शशि पांजा के घर के पास से गुजर रही थी, उसी समय बस से कुछ लोगों ने घर को लक्ष्य कर पथराव किया. तृणमूल समर्थकों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद मंत्री के घर पर हमला कर तोड़फोड़ की गयी.

पुलिस पर दर्शक की भूमिका निभाने का आरोप

भाजपा की अोर से कहा गया है कि उसके कई कार्यकर्ता, जिनमें पार्टी के उत्तर कोलकाता ज़िला अध्यक्ष तमघ्न घोष भी शामिल हैं, घायल हुए हैं. तमघ्न को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

रैफ को तैनात कर हालात को काबू में किया गया

इधर,हालात काबू से बाहर जाते देख कोलकाता पुलिस की तरफ से रैफ के जवानों की तैनाती की गयी. जवानों ने दोनों पक्षों के लोगों को वहां से खदेड़ना शुरू किया. काफी कोशिश के बाद इलाके में स्थिति शांत स्थापित हुई. कोलकाता पुलिस की उपायुक्त (मध्य) इंदिरा मुखर्जी ने घटनास्थल का दौरा किया और सभी पक्षों से बातचीत कर स्थिति का आंकलन किया. पुलिस के मुताबिक, मामले में स्थानीय थाने में दोनों पक्षों की तरफ से लिखित शिकायत की जा रही है. पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल कर उपद्रव करने वाले लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >